देवभूमि हिमाचल के सोलन जिले से समाज को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। नालागढ़ के चौकीवाला इलाके में पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक होटल की चारदीवारी के पीछे चल रहे गंदे खेल का पर्दाफाश किया है। सबसे अहम बात यह है कि पुलिस ने उस नरक से चार ऐसी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला है, जिन्हें मजबूरी का फायदा उठाकर इस दलदल में धकेला गया था।
पुलिस काे गुप्त सूचना मिली थी कि चौकीवाला स्थित एक होटल में सामान्य कामकाज की आड़ में देह व्यापार का काला कारोबार चलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना वक्त गंवाए एक योजना बनाई और होटल में दबिश दी। वहां का मंजर देखकर साफ हो गया कि कैसे चंद पैसों की लालच में इंसानियत को शर्मसार किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से उन 4 महिलाओं को रैस्क्यू किया, जो इस अनैतिक व्यापार की शिकार थीं।
जांच में सामने आया कि इस घिनौने खेल को चलाने वाले दो स्थानीय व्यक्ति हैं, जिनकी पहजान गफूर मोहम्मद और खलील मोहम्मद के रूप में की गई है। ये दोनों आरोपी नालागढ़ तहसील के गांव झीडा के निवासी हैं। आरोप है कि इन्हीं दोनों के द्वारा होटल में अवैध रूप से यह देह व्यापार संचालित किया जा रहा था और महिलाओं से जबरन यह काम करवाया जा रहा था।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। दोनों मुख्य आरोपियों खलील और गफूर के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस नैटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा सके।








