वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Video: मां-बाप कर रहे थे फाैजी बेटे की शादी की तैयारी, किस्मत ने लिख दी आखिरी विदाई

जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते पटना गांव निवासी वीर जवान ग्रेनेडियर कपिल अब हमारे बीच नहीं रहे। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उत्तराखंड स्थित आर्मी अस्पताल में बुधवार देर रात उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। इस हृदयविदारक समाचार ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गिरिपार और शिलाई क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है।

बताया जा रहा है कि ग्रेनेडियर कपिल पिछले 7 वर्षों से भारतीय सेना में देश सेवा कर रहे थे। वे वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में 55वीं राष्ट्रीय राइफल्स के अधीन तैनात थे। अवकाश पर घर आए कपिल 8 जनवरी को उत्तराखंड के सेलाकुई में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले उन्हें ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें आर्मी अस्पताल देहरादून रैफर किया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद वीर सपूत को बचाया नहीं जा सका।

2 जून 1998 को जन्मे कपिल 18 सितम्बर 2018 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उन्हाेंने कम उम्र में ही अपनी पहचान बना ली थी। बेटे का इस तरह दुनिया से चला जाना पिता पंच राम और माता जयंती देवी पर किसी वज्रपात से कम नहीं है। कपिल 3 भाइयाें और 3 बहनाें में सबसे बड़े थे। परिवार उनके विवाह की तैयारियों में जुटा हुआ था, घर में खुशियों की गूंज होने वाली थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

कपिल के निधन की खबर मिलते ही उनकी सैन्य बटालियन सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्राम पंचायत प्रधान रण सिंह ने गहरे दुख के साथ कहा कि कपिल न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव थे। वीर जवान का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब–शिलाई सहित अनेक सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने इस अपूरणीय क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!