हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला पुलिस ने अवैध घुसपैठ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना नाहन की पुलिस टीम ने बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रही उज़्बेकिस्तान की एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के साथ ग्रेटर नोएडा के रहने वाले एक युवक को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुरुवार देर रात एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को 112 हैल्पलाइन पर एक संदिग्ध वाहन के घूमने की खबर मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शक्तिनगर से आगे कैंची मोड़ और जोगनवाली लिंक रोड क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया।
सर्च ऑप्रेशन के दौरान पुलिस को सड़क किनारे नाली में फंसी एक यूपी नंबर (UP16EF-7194) की कार मिली। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें एक पुरुष और एक विदेशी महिला सवार मिले। पुरुष की पहचान सैफ क्वेजिलबाश निवासी ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई, जबकि महिला ने खुद को उज़्बेकिस्तान की नागरिक बताया।
पुलिस ने जब महिला से भारत में रहने से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह न तो पासपोर्ट दिखा सकी और न ही कोई वैध वीजा पेश कर पाई। दस्तावेजों के अभाव में मामला संदिग्ध देखते हुए पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि विदेशी महिला के खिलाफ फॉरेनर्स एक्ट की धारा 14 के तहत थाना नाहन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है कि वे यहां किस मकसद से आए थे।








