वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल में बर्फ का दीदार करने आए पर्यटकों के साथ भयानक हादसा, एक की गई जान, 3 पहुंचे अस्पताल

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में कुदरत का नजारा देखने पहुंचे पर्यटकों के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया। हरिपुरधार में बर्फ देखने गए दोस्तों की कार सड़क पर जमी बर्फ के कारण फिसलकर खेत में जा गिरी। इस हादसे में हरियाणा निवासी एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

वापसी के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक हरियाणा और पंजाब के कुछ दोस्त हरिपुरधार की वादियों में घूमने आए थे। हंसी-खुशी बर्फ का आनंद लेने के बाद जब वे वापस नाहन की ओर लौट रहे थे, तभी यह अनहोनी हो गई। सड़क पर जमे पाले के कारण कार (PB 65-0077) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई।

कालका निवासी की गई जान

हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार जगपाल पुत्र राम सिंह निवासी गांव बृगरा हकीमपुर, तहसील कालका व जिला पंचकुला (हरियाणा) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार अन्य साथी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

चालक पर लापरवाही का आरोप

पुलिस को दिए बयान में पंजाब के मोहाली निवासी जगपाल सिंह (शिकायतकर्ता) ने बताया कि वे सभी दोस्त एक साथ घूमने आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कार चालक कृष्ण पुत्र प्रेमचंद निवासी मनीमाजरा (चंडीगढ़) गाड़ी को लापरवाही से चला रहा था, जिस कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने थाना संगड़ाह में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!