वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: 1 लाख में गिरवी रखी कार और खरीद लिया ‘मौत का सामान’, युवक की इस करतूत से हर काेई हैरान

हिमाचल प्रदेश में चिट्टे का नशा जवानी को किस कदर खोखला कर रहा है, इसका एक हैरान कर देने वाला मामला राजधानी शिमला से सामने आया है। यहां शोघी में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जिसने नशे की तलब मिटाने के लिए अपने माता-पिता द्वारा दी गई लाखों की गाड़ी को मात्र एक लाख रुपए में गिरवी रख दिया और उस पैसे से मौत का सामान खरीद लाया।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

शिमला पुलिस द्वारा शोघी में नाकाबंदी के दौरान एक युवक को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर युवक के पास से चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस की पूछताछ में जो कहानी सामने आई, उसने सभी के होश उड़ा दिए। जांच में पता चला कि युवक नशे का बुरी तरह आदी हो चुका था। जब उसके पास नशे के लिए पैसे खत्म हो गए और तलब बढ़ी, तो उसने अपनी कार को महज एक लाख रुपए में गिरवी रख दिया। इसके बाद मिले पैसों से वह भारी मात्रा में चिट्टा खरीद लाया।

माता-पिता के अरमानों पर फिरा पानी

पुलिस के मुताबिक, युवक के माता-पिता ने उसे सुविधा के लिए लाखों रुपए की कार लेकर दी थी। उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि उनका बेटा घर से बाहर किसी काम के लिए नहीं, बल्कि नशे का सौदा करने निकला है। युवक ने पहले अपनी जमा-पूंजी उड़ाई और अंत में गाड़ी को भी नशे की भेंट चढ़ा दिया।

पुलिस की मुस्तैदी काम आई, जांच जारी

शिमला पुलिस, जो नशा माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति पर काम कर रही है, उसकी मुस्तैदी से यह युवक पकड़ा गया। पुलिस का मानना है कि यदि यह पकड़ा न जाता, तो यह जहर या तो वह खुद पीता या फिर अन्य युवाओं को बांटकर उनकी जिंदगी बर्बाद करता। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह नशा कहां से खरीदकर लाया था। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या वह खुद के सेवन के लिए लाया था या वह पैडलिंग (बेचने) का भी काम करता था। यह घटना हिमाचल के अभिभावकों के लिए एक बड़ा चेतावनी संकेत है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!