वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल ने खाेया 25 साल का फाैजी बेटा, 8 महीने तक ‘सबसे बड़े दुश्मन’ से लड़ता रहा जंग

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। झंडूत्ता उपमंडल के बलोह गांव के रहने वाले भारतीय सेना के 25 वर्षीय जवान नायक अतुल शर्मा का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। अतुल पिछले करीब 8-9 महीनों से ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और अंततः जिंदगी की जंग हार गए।

लेह में तैनाती के दौरान बिगड़ी थी तबीयत

अतुल शर्मा करीब 6 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे। अपनी छोटी सी सेवा अवधि में उन्होंने असम और लेह जैसी कठिन जगहों पर देश की रक्षा की। अतुल ने हाल ही में आर्मी ड्रिल इंस्ट्रक्टर का कोर्स भी किया था और संभवतः वह इतनी कम उम्र में यह कोर्स करने वाले सबसे युवा जवानों में से एक थे। करीब 9 महीने पहले जब वे लेह में तैनात थे, तब उन्हें बोलने में दिक्कत महसूस हुई। जांच के बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली के आर्मी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां ब्रेन ट्यूमर की पुष्टि हुई। अतुल के दिमाग का ऑप्रेशन भी हुआ और इस जांबाज ने अदम्य साहस दिखाते हुए कुछ समय के लिए वापसी भी की, लेकिन धीरे-धीरे उनके शरीर में पैरालिसिस (लकवा) के लक्षण दिखने लगे। हाल ही में उनकी स्थिति बिगड़ने पर उन्हें चंडीगढ़ स्थित कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 8 महीने तक मौत को चकमा देने के बाद इस जांबाज फौजी की सांसें थम गईं।

सैन्य सम्मान के साथ हाेगा अंतिम संस्कार

अतुल शर्मा का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बलोह लाया जा रहा है। वीरवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जवान बेटे के आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। 25 साल की उम्र में देश सेवा और फिर बीमारी से लड़ते हुए दुनिया को अलविदा कहने वाले अतुल शर्मा की शहादत को हर कोई नमन कर रहा है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!