हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के डगशाई में एक ऐसा हादसा हुआ, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैरापिट (सुरक्षा दीवार) पर जा चढ़ी और हवा में लटक गई। कार के ठीक नीचे सैंकड़ों फुट गहरी खाई थी। महज कुछ सैंटीमीटर की दूरी और मौत के बीच का फासला रह गया था, लेकिन किस्मत और मजबूती से खड़े पैरापिट ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजड़ने से बचा लिया।
एक इंच भी आगे खिसकती तो सीधे गहरी खाई में जा गिरती कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी। अचानक कार अनियंत्रित हुई और सीधे पैरापिट से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार उछलकर पैरापिट के ऊपर चढ़ गई। गाड़ी का अगला हिस्सा और टायर हवा में लटके हुए थे। अगर गाड़ी एक इंच भी आगे खिसकती, तो वह सीधे गहरी खाई में जा गिरती, जहां से बचना नामुमकिन था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पैरापिट इन लोगों के लिए देवदूत बनकर आया, जिसने गाड़ी को खाई में जाने से रोक लिया।
माैत काे करीब से देखकर बुरी तरह सहमा सवार
फिलहाल कार सवार सुरक्षित है, लेकिन मौत को इतने करीब से देखने के बाद वह बुरी तरह सहमा हुआ है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसा किसी वाहन को बचाने के चक्कर में हुआ या तेज रफ्तार की वजह से। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पहाड़ों पर वाहन चलाते समय सावधानी जरूरी
पहाड़ाें की सर्पीली और तंग सड़कें जितनी खूबसूरत हैं, उतनी ही खतरनाक भी हैं। इन सड़कों के किनारे गहरी खाइयां हर वक्त खतरे की चेतावनी देती हैं। इस हादसे ने एक बार फिर सबक दिया है कि पहाड़ों पर गाड़ी चलाते समय गति पर नियंत्रण और सावधानी कितनी जरूरी है। जब भी आप घर से निकलें, तो याद रखें कि कोई घर पर आपके सुरक्षित लौटने का इंतजार कर रहा है। पहाड़ों के घुमावदार रास्तों पर रफ्तार से ज्यादा अपनी और अपनों की जान की कीमत समझें। सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें।








