हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में बिजली चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। बिजली विभाग की फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय कद्दावर नेता को उनके घर पर सीधे कुंडी लगाकर बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पर लगभग एक लाख रुपए का जुर्माना ठोका, जिसे मौके पर ही डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से वसूला गया।
125 यूनिट मुफ्त होने के बावजूद आ रही थी जीरो रीडिंग
जानकारी के अनुसार, सरकाघाट की कस्मेला पंचायत से ताल्लुक रखने वाले उक्त भाजपा नेता वर्तमान में पार्टी की जिला कमेटी में अहम पद पर तैनात हैं। विभाग को लंबे समय से उनके परिसर में लगे बिजली मीटर की खपत को लेकर संदेह था। प्रदेश में 125 यूनिट मुफ्त बिजली सुविधा के बावजूद उनके घर का बिजली बिल लगातार शून्य (जीरो) के आसपास आ रहा था, जबकि परिसर में बिजली उपकरणों का उपयोग सामान्य से अधिक था। इसी संदिग्ध गतिविधि के आधार पर फ्लाइंग स्क्वायड ने छापेमारी की योजना बनाई।
सर्विस वायर पंचर कर किया था मीटर बायपास
सहायक अभियंता और एसडीओ की मौजूदगी में जब टीम ने अचानक निरीक्षण किया, तो वहां बिजली चोरी का खेल देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच में पाया गया कि मुख्य सर्विस पीवीसी वायर को बीच से पंचर कर मीटर को पूरी तरह बायपास कर दिया गया था। यानी घर के अंदर सारा लोड चल रहा था, लेकिन मीटर की रीडिंग टस से मस नहीं हो रही थी। विभाग ने साक्ष्य के तौर पर पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की है।
मौके पर ही भरा 99,977 रुपए का जुर्माना
विभागीय जांच में यह सामने आया कि आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहा था। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता इंजीनियर राजकुमार गुप्ता ने पुष्टि करते हुए बताया कि बिजली चोरी के मामले में दोषी से 99,977 रुपए का जुर्माना वसूला गया है। भाजपा नेता ने कार्रवाई के दौरान अपनी गलती स्वीकार की और मौके पर ही डिमांड ड्राफ्ट के जरिए जुर्माने की राशि जमा करवा दी।
क्या कहते हैं विभाग के अधिकारी?
बिजली विभाग के एसडीओ राजीव शुक्ला ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि बिजली चोरी एक गंभीर अपराध है। विभाग की नजरें ऐसे हर संदिग्ध कनैक्शन पर हैं जहां खपत असामान्य है। दोषी चाहे किसी भी पद पर हो या किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। अधिशासी अभियंता राजकुमार गुप्ता ने जनता से अपील की है कि वे बिजली चोरी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और विभाग का सहयोग करें ताकि व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे।








