हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा पेश आया है। यहां सूरजपुर स्थित एक प्रतिष्ठित उद्योग में स्टोर टैंक से अचानक मिथाइलीन डाइक्लोराइड गैस का रिसाव हो गया। इस जहरीली गैस की चपेट में आने से फैक्टरी के 8 कर्मचारी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
जानकारी के अनुसार हादसा शाम करीब 7 बजे के बाद हुआ। गैस लीक होते ही फैक्टरी परिसर में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। प्रशासन और प्रबंधन ने स्थिति को संभालते हुए तुरंत प्रभावित क्षेत्र से कर्मचारियों को बाहर निकाला। गैस के संपर्क में आते ही कर्मचारियों को चक्कर आना, घबराहट और शरीर में कमजोरी जैसे लक्षण महसूस होने लगे, जिसके बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया।
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार प्रभावित 8 कर्मचारियों में से 4 की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें आईसीयू में भर्ती कर विशेष निगरानी में रखा गया है। 2 अन्य कर्मचारियों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है, जबकि 2 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। घायलों की पहचान महेश, खुशबू, पूजा, सुमन, शबाना, मनीषा, सीमा और अन्य के रूप में हुई है।
विशेषज्ञों के अनुसार मिथाइलीन डाइक्लोराइड एक खतरनाक कैमिकल है, जिसका रिसाव मानव स्वास्थ्य के लिए घातक हो सकता है। फिलहाल उद्योग प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन इस बात की जांच कर रहे हैं कि स्टोर टैंक से रिसाव किन कारणों से हुआ और क्या सुरक्षा मानकों में कोई चूक रही है। घटना के बाद से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।








