हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में झारखंड निवासी महिला गुड़िया देवी की हत्या मामले में एक बड़ा सनसनीखेज खुलासा हुआ। प्रारंभिक जांच में इस खौफनाक वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी के दो भाइयों को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है। हालांकि, मुख्य आरोपी और मृतका का पति गोविंद अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
बिलासपुर में ही किसी अन्य व्यक्ति के साथ था महिला का अवैध संबंध
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों बंशी और गुड्डू ने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी भाभी गुड़िया देवी का बिलासपुर में ही किसी अन्य व्यक्ति के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर पति गोविंद और गुड़िया के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। वारदात की रात गोविंद शराब के नशे में धुत्त था। विवाद इतना बढ़ा कि गोविंद ने अपने दोनों भाइयों के साथ मिलकर गुड़िया की निर्मम हत्या कर दी।
राज छिपाने के लिए सैप्टिक टैंक को बनाया कब्र
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने और शव को ठिकाने लगाने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया। उन्होंने गुड़िया के शव को घर के पास ही बने सैप्टिक टैंक में डाल दिया। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने टैंक के ढक्कन को सीमेंट और कंक्रीट से पूरी तरह सील कर दिया। इतना ही नहीं, किसी को शक न हो, इसलिए टैंक के ऊपर बोरियां और अन्य सामान रख दिया गया ताकि वह एक सामान्य जगह दिखे।
अपराधी निकला पति, पहली पत्नी की हत्या का भी है आरोप
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि आरोपी गोविंद एक आदतन अपराधी हो सकता है। गोविंद और गुड़िया दोनों की यह दूसरी शादी थी। जांच में पता चला है कि गोविंद अपनी पहली पत्नी की हत्या के मामले में भी पहले आरोपी रह चुका है। वहीं, गुड़िया ने भी अपने पहले पति को छोड़कर गोविंद से दूसरी शादी की थी।
फरार आरोपी की तलाश जारी
एडिशनल एसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों को रविवार को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है। इसके बाद उनसे गहन पूछताछ की जाएगी और साक्ष्य जुटाए जाएंगे। फिलहाल, पुलिस की कई टीमें मुख्य आरोपी गोविंद की तलाश में जुटी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस जघन्य हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है और प्रवासी मजदूरों के बीच भी यह चर्चा का विषय बना हुआ है।








