वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हरियाणा: नूंह को CM सैनी की बड़ी सौगात, 47 करोड़ की विकास परियोजनाओं के किए उद्घाटन और शिलान्यास

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को जिला नूंह के तावड़ू स्थित अनाज मंडी में आयोजित ‘विकसित सोहना-तावड़ू विकास रैली’ को संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नूंह जिले और सोहना विधानसभा क्षेत्र के लिए 47 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शिक्षा, खेल और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती प्रदान करना है।

मुख्यमंत्री ने कुल 25 करोड़ 58 लाख रुपए की 5 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इसमें नूंह में 15.46 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला भव्य ‘जिला लाइब्रेरी कम एक्सीलैंस सैंटर’ सबसे प्रमुख है। इसके अलावा, मेवात विकास प्राधिकरण (MDA) के माध्यम से 10 गांवों में नई लाइब्रेरी का निर्माण, झामुवास गांव में 3 करोड़ की लागत से स्टेडियम का पुनर्विकास और मकबरा परिसर के संरक्षण जैसे कार्य शुरू किए गए।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने 21 करोड़ 27 लाख रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इसके तहत जिले के 40 सरकारी स्कूलों और 23 स्वास्थ्य केंद्रों (PHC/CHC) में हाईब्रिड सोलर पावर प्लांट लगाए गए हैं। साथ ही, सरकारी स्कूलों में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ‘फेशियल बायोमीट्रिक अटैंडेैंस सिस्टम’ की भी शुरुआत की गई। तावड़ू के राजकीय कॉलेज में 6 नए क्लासरूम और कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण भी किया गया।

क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को देखते हुए मुख्यमंत्री ने खंड नगीना के गांव मढ़ी में नीट (NEET) और जेईई (JEE) कोचिंग सैंटर का उद्घाटन किया, ताकि मेवात के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बाहर न जाना पड़े। खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए 25 सरकारी स्कूलों में बनाए गए खेल मैदानों का भी उद्घाटन किया गया। किसानों की सुविधा के लिए तावड़ू मंडी में ‘अटल किसान कैंटीन’ शुरू की गई है, जहां किफायती दरों पर भोजन उपलब्ध होगा।

पर्यावरण और जल संरक्षण की दिशा में कदम उठाते हुए अरावली संरक्षित वन क्षेत्र में करीब 1.73 करोड़ की लागत से बने तीन अर्थन डैम और वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही सोहना स्थित फव्वारा चौक के सौंदर्यीकरण और तावड़ू के वार्ड नंबर-9 में तालाब के जीर्णोद्धार कार्य का भी लोकार्पण हुआ। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इन विकास कार्यों से नूंह जिले के विकास की गति और तेज होगी।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!