आजकल के बच्चों पर मोबाइल फोन का क्रेज किस कदर हावी हो चुका है और वे कितने संवेदनशील हो गए हैं, इसका एक बेहद दर्दनाक उदाहरण हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से सामने आया है। माता-पिता अक्सर बच्चों के भले के लिए उन्हें डांटते हैं, लेकिन एक 13 साल के बच्चे ने मां की एक छोटी-सी नसीहत को इस कदर दिल पर ले लिया कि उसने अपनी जीवन लीला ही समाप्त कर ली। मां ने परीक्षा के समय उसे मोबाइल देने से मना किया था, जिससे नाराज होकर बच्चे ने खौफनाक कदम उठा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 13 वर्षीय सचिन के रूप में हुई है। सचिन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के गांव मल्लपुर सिद्धारी (पुत्र सतवीर सिंह) का रहने वाला था और इन दिनों परिवार के साथ बिलासपुर में रह रहा था। बताया जा रहा है कि सचिन की परीक्षाएं चल रही थीं। वह अपनी मां से मोबाइल फोन देने की जिद कर रहा था। मां ने उसे समझाते हुए मोबाइल देने से साफ इन्कार कर दिया और कहा कि अभी परीक्षा का समय है, इसलिए फोन छोड़कर अपनी पढ़ाई पर ध्यान दो। मां की यह बात सचिन को इतनी बुरी लगी कि वह गुस्से में अपने कमरे में चला गया।
कमरे में जाने के बाद सचिन ने खौफनाक कदम उठाते हुए अपनी ही मां की साड़ी से कमरे में लगे कुंडे से फंदा बना लिया और झूल गया। काफी देर तक जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई और सचिन बाहर नहीं आया, तो परिजनों को शक हुआ। परिवार के लोग जब उसे देखने के लिए कमरे में दाखिल हुए, तो सामने का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सचिन फंदे से लटका हुआ था।
परिजनों ने चीख-पुकार के बीच तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा। बिना कोई देरी किए, वे सचिन को आनन-फानन में बिलासपुर के क्षेत्रीय अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद 13 वर्षीय सचिन को मृत घोषित कर दिया। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्रीय अस्पताल प्रबंधन द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस थाना सदर को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यही सामने आया है कि मोबाइल फोन न मिलने की वजह से हुए विवाद और नाराजगी के चलते ही बच्चे ने यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।







