हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित ननखड़ी इलाके में एक कार घने जंगल के पास अनियंत्रित होकर 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में पिता और बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बेटा और कार चालक घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के मुताबिक यह भीषण दुर्घटना शनिवार आधी रात के बाद ननखड़ी-पुनन मार्ग पर ननखड़ी चौक के आगे हुई। कार (HP 92-1701) में कुल चार लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि पुनन के पास चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद कार सीधे 200 फुट नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। खाई इतनी गहरी थी कि कार के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में 49 वर्षीय कुंदन लाल और उनकी 16 वर्षीय बेटी आकृति की मौके पर ही जान चली गई। वहीं, कुंदन लाल का 12 वर्षीय बेटा आरव इस हादसे में बुरी तरह घायल हुआ है। वहीं कार चला रहे गांव के ही 55 वर्षीय सतपाल को भी गंभीर चोटें आई हैं।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही ननखड़ी थाना पुलिस की टीम ने रात में ही मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑप्रेशन चलाया और शवों व घायलों को खाई से बाहर निकाला। हादसे में घायल आरव और सतपाल को आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे की मुख्य वजह चालक की लापरवाही को माना है। ननखड़ी थाना में चालक सतपाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत लापरवाही से वाहन चलाने का मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने इस हृदयविदारक घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पिता और पुत्री के शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद लौहटी गांव समेत पूरे क्षेत्र में भारी शोक की लहर है।








