वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: जिंदगी भर चाय बेचकर जोड़े थे 1.75 लाख, एक फर्जी कॉल ने उजाड़ दी दुनिया

अगर आपके मोबाइल पर बैंक के नाम से कोई कॉल आए और कॉल कटने के बाद आपका फोन अचानक हैंग होने लगे, तो सावधान हो जाइए! यह साइबर ठगों का नया और बेहद खतरनाक हथियार है। हिमाचल प्रदेश के सोलन में इसी फोन हैकिंग तरीके का इस्तेमाल कर शातिर ठगों ने एक गरीब चाय वाले के बैंक खाते से 1.75 लाख रुपए की जीवनभर की कमाई पलक झपकते ही उड़ा ली। इस हाई-टेक ठगी के बाद सोलन के सोसाइटीगंज बाजार के कारोबारियों और स्थानीय लोगों में भारी दहशत है।

जानकारी के अनुसार, सोलन के सोसाइटीगंज बाजार में चाय बेचकर अपने परिवार का गुजारा करने वाले विद्या दत्त इस ठगी का शिकार हुए हैं। विद्या दत्त ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ठग ने खुद को HDFC बैंक का अधिकारी बताया। उसने बड़ी ही चालाकी से विद्या दत्त को क्रेडिट कार्ड और बैंकिंग प्रक्रिया को अपडेट करने का झांसा दिया और बातों में उलझा लिया।

ठगों की असली चाल कॉल कटने के बाद शुरू हुई। विद्या दत्त के अनुसार, बात खत्म होते ही उनका मोबाइल फोन अचानक हैंग होने लगा। कुछ ही देर में फोन पूरी तरह से लॉक हो गया। स्थिति यह हो गई कि विद्या दत्त अपने फोन में किसी भी मोबाइल एप या UPI सेवा का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे। ठगों की तकनीक इतनी एडवांस थी कि पीड़ित विद्या दत्त को पूरे 2 दिन तक इस बात की भनक ही नहीं लगी कि बैकग्राउंड में उनका फोन हैक हो चुका है और उनके साथ धोखाधड़ी हो रही है।

दो दिन बाद जब विद्या दत्त का मोबाइल वापस सामान्य स्थिति में आया तो उन्होंने बैंक की तरफ से आए हुए पुराने मैसेज चेक किए। मैसेज देखते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्हें पता चला कि उनके खाते से 1.75 लाख रुपए कट चुके हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि हैकर्स ने फोन लॉक रहने के दौरान ही यह सारी रकम किसी दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली थी।

पीड़ित विद्या दत्त ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही, पुलिस ने आम जनता के लिए एक अलर्ट एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने साफ हिदायत दी है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंकिंग डिटेल्स, क्रेडिट/डेबिट कार्ड नंबर या OTP शेयर न करें। साथ ही, यदि कॉल के बाद मोबाइल अचानक हैंग हो जाए या काम करना बंद कर दे, तो इसे हल्के में न लें और तुरंत अपने बैंक और पुलिस के साइबर सेल से संपर्क करें।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!