शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब समारोह से लौट रहे रही एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गौरा-मशनु मार्ग पर सोमवार सुबह सामने आए इस दर्दनाक हादसे में एक ही गांव के 3 लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
रात को हुआ हादसा, सुबह पहियों के निशानों ने खोला राज
यह खौफनाक हादसा रविवार देर रात को हुआ, जिसकी भनक सुबह तक किसी को नहीं लगी। खनैरी पंचायत के जिगोचा गांव निवासी पांचों लोग सुडा गांव में शादी के बाद आयोजित होने वाले दलोज समारोह में शामिल होने गए थे। रात को वे कार से रोपड़ू स्थित अपने घर के लिए निकले, लेकिन मंजिल तक नहीं पहुंच सके। सोमवार सुबह तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की। गौरा-मशनु सड़क पर एक संवेदनशील मोड़ से नीचे की ओर टायरों के घिसटने के निशान देखकर ग्रामीणों का माथा ठनका। जब खाई में झांककर देखा गया, तो करीब 150 मीटर नीचे एक कार गिरी हुई पाई गई, जिसके परखच्चे उड़े हुए थे।
ह्यूमन चेन बनाकर गहरी खाई से निकाले शव और घायल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। खाई अत्यंत गहरी और ढलानदार होने के कारण बचाव कार्य में भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए एक लंबी ह्यूमन चेन बनाई और बेहद मशक्कत के बाद हताहतों को खाई से खींचकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। आनन-फानन में घायलों को रामपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका गंभीर हालत में उपचार जारी है।
दो सगे भाइयों में से एक की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रामानंद (55) पुत्र कालूराम, ओम प्रकाश (40) पुत्र मान दास और हरमेंद्र (37) पुत्र स्वर्गीय देवेंद्र के रूप में हुई है। वहीं, इस हादसे में राकेश (40) पुत्र कुंभ दास और रविंद्र (38) पुत्र स्वर्गीय देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हैं। सभी हताहत जिगोचा गांव के ही रहने वाले हैं। इस हादसे में मृतक हरमेंद्र और घायल रविंद्र सगे भाई हैं। एक भाई की मौत और दूसरे के अस्पताल में होने से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
क्रैश बैरियर न होना बना काल, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
इस हादसे ने गौरा-मशनु सड़क मार्ग पर लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि इस संकरे और खतरनाक मार्ग के संवेदनशील हिस्सों पर कोई क्रैश बैरियर नहीं लगा है। अगर मोड़ पर मजबूत क्रैश बैरियर मौजूद होता, तो अनियंत्रित वाहन को खाई में गिरने से रोका जा सकता था और तीन जिंदगियां बच सकती थीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे जानलेवा हादसों को टालने के लिए सड़क के सभी दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से क्रैश बैरियर लगाए जाएं।







