वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: कुल्लू में पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरी, एक ही परिवार के 12 लोग घायल

हिमाचल की वादियों को निहारने निकले ओडिशा के एक परिवार का सफर उस वक्त खौफनाक मंजर में तब्दील हो गया, जब मणिकर्ण घाटी के खतरनाक मोड़ पर उनकी टेंपो ट्रैवलर बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। सरसाड़ी के पास हुए इस हादसे में एक ही परिवार के 12 सदस्य घायल हो गए। चीख-पुकार के बीच स्थानीय ग्रामीणों ने देवदूत बनकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद 7 पर्यटकों को कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार ओडिशा से आया यह पर्यटक परिवार मणिकर्ण साहिब के दर्शन और मनाली के भ्रमण पर निकला था। यात्रा के दौरान जैसे ही उनका वाहन (HR 67D 3613) सरसाड़ी के समीप पहुंचा तो चालक ने अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। इसके चलते वाहन सड़क से निकलकर सीधे खाई में जा गिरा।

टेंपो ट्रैवलर के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग तत्काल राहत और बचाव के लिए मौके पर पहुंच गए और घायल पर्यटकों को वाहन से बाहर निकालना शुरू किया। ग्रामीणों के सहयोग से ही सभी 12 घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्राथमिक चिकित्सा के उपरांत 7 पर्यटकों को बेहतर इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेजा गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। गनीमत यह रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद किसी की जान नहीं गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त वाहन से जुड़े साक्ष्य जुटाए। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या वाहन में कोई तकनीकी खराबी आई थी या फिर संकरे मोड़ पर मानवीय भूल के चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!