वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

चम्बा: मामूली तकरार ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार, पति की हुई मौत, पत्नी पहुंची सलाखों के पीछे

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजियार में घरेलू विवाद के चलते एक 58 वर्षीय व्यक्ति की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

गुरुवार सुबह खजियार पुलिस चौकी के समीप एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में देखा गया। स्थानीय नागरिकों द्वारा तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चम्बा सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस दल तुरंत मौके पर पहुंचा और घटनास्थल को सील कर प्राथमिक जांच शुरू की। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक छानबीन में मृतक की पहचान कुंजलाल (58) पुत्र फिंचा राम के रूप में हुई है। कुंजलाल मूल रूप से भरमौर क्षेत्र का निवासी था और वर्तमान में खजियार में पर्यटकों की फोटोग्राफी का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि बुधवार को घर जाने की बात को लेकर कुंजलाल और उसकी पत्नी रजनी के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित पत्नी ने कथित तौर पर पास पड़े पत्थर से कुंजलाल के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद महिला अपने घायल पति को उसी हालत में छोड़कर चली गई। पुलिस के अनुसार, घटना स्थल पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर था। कुंजलाल पूरी रात अत्यधिक ठंड में खुले आसमान के नीचे पड़ा रहा। सिर पर गहरी चोट लगने और समय पर प्राथमिक उपचार न मिलने के कारण उसने दम तोड़ दिया।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि घटनास्थल पर फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाकर आवश्यक तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पत्नी रजनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि चम्बा मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!