वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: जिंदगी की जंग हार गया HRTC का सारथी, PGI में ली अंतिम सांस, क्वानु बस हादसे में अब तक 4 की मौत

हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की चौपाल-पांवटा साहिब बस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या अब बढ़कर 4 हो गई है। उत्तराखंड के क्वानु में हुए इस दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल बस चालक दिनेश कुमार शर्मा का शनिवार देर रात पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया। वे पिछले पांच दिनों से अस्पताल में उपचाराधीन थे।

देर रात अचानक बिगड़ी तबीयत

3 फरवरी को हुए हादसे के बाद ड्राइवर दिनेश कुमार को सीने में गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें पहले विकासनगर अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ से गंभीर हालत देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। शनिवार शाम तक उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा था, लेकिन रात करीब 2 बजे अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली।

हादसे में 3 लाेगाें ने माैके पर ताेड़ दिया था दम

बता दें कि 3 फरवरी को चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी की बस उत्तराखंड के क्वानु के पास डंगा बैठने (सड़क धंसने) के कारण अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी। इस बस में कुल 34 यात्री सवार थे। हादसे के वक्त दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दिनेश कुमार की मृत्यु के बाद इस हादसे में जान गंवाने वालों का कुल आंकड़ा 4 पहुंच गया है।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जताया शोक

हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ड्राइवर दिनेश कुमार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की क्वानु बस दुर्घटना में उपचाराधीन चालक दिनेश कुमार के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। वहीं प्रशासन और परिवहन निगम ने चालक के निधन पर शोक जताया है और प्रभावित परिवार को उचित सहायता का आश्वासन दिया है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!