हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रामपुर बुशहर क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 15 वर्षीय छात्रा ने वजीर बावड़ी पुल से सतलुज नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस और स्थानीय लोग छात्रा की तलाश में जुटे हैं, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। रामपुर बुशहर के वजीर बावड़ी पुल पर पहुंची एक किशोरी ने अचानक सतलुज नदी में छलांग लगा दी। वहां मौजूद लोगों ने जैसे ही घटना का पता चला तो वे सन्न रह गए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रैस्क्यू ऑप्रेशन शुरू किया।
नदी में कूदने वाली छात्रा की पहचान 15 वर्षीय वैशाली पुत्री प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। वह शिमला जिले के गांव प्रादंली (डाकघर देवठी) की रहने वाली है और सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल मोगली में 10वीं कक्षा की छात्रा है। इस घटना के बाद वैशाली के परिजन गहरे सदमे में हैं। वे नदी किनारे अपनी बेटी की सलामती की दुआ मांग रहे हैं। माता-पिता को विश्वास ही नहीं हो रहा है कि उनकी बेटी ऐसा खौफनाक कदम उठा सकती है।
सतलुज नदी में पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण सर्च ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार तलाश की जा रही है। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।








