वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: पहले 10 के 20 हजार कर बुना विश्वास का जाल, फिर रिटायर्ड अफसर को लगाया 1.29 करोड़ रुपए का चूना

सोशल मीडिया पर कम समय में रकम दोगुनी करने के लुभावने विज्ञापन किस कदर लोगों की जीवनभर की कमाई को निगल रहे हैं, इसका एक बड़ा मामला हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सामने आया है। यहां साइबर अपराधियों ने गोल्ड ट्रेडिंग में बंपर मुनाफे का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग अधिकारी से 1.29 करोड़ रुपए रकम ठग ली। शातिरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से पहले छोटी रकम पर दोगुना रिटर्न देकर पीड़ित का भरोसा जीता और फिर किस्तों में उनकी जीवनभर की जमापूंजी अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली। पीड़ित की शिकायत के बाद साइबर क्राइम थाना शिमला ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया के विज्ञापन से व्हाट्सएप ग्रुप तक बिछाया जाल

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिमला निवासी पीड़ित बुजुर्ग ने कुछ समय पूर्व सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा था। इस विज्ञापन में शेयर बाजार और गोल्ड ट्रेडिंग में निवेश के लिए तकनीकी प्रशिक्षण देने का दावा किया गया था। बुजुर्ग ने जैसे ही विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक किया, उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ दिया गया। इस ग्रुप में कुछ दिनों तक उन्हें शेयर बाजार के दांव-पेच समझाए गए और गोल्ड ट्रेडिंग में पैसा लगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

10 हजार के 20 हजार लौटाकर जीता भरोसा, फिर लगवाए 1.29 करोड़

साइबर ठगों ने बुजुर्ग का विश्वास जीतने के लिए शुरुआत में उनसे मात्र 10 हजार रुपये का निवेश करवाया। कुछ ही दिनों में यह रकम बढ़कर 20 हजार रुपए हो गई, जिसे ठगों ने बुजुर्ग के बैंक खाते में वापस भी ट्रांसफर कर दिया। इतनी जल्दी रकम दोगुनी होने से सेवानिवृत्त अधिकारी को इस योजना पर पूरा भरोसा हो गया। इसके बाद जालसाजों ने उन्हें बड़े मुनाफे का लालच दिया। झांसे में आकर बुजुर्ग ने ठगों द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कई किस्तों में कुल 1.29 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए।

वैश्विक बाजार में गिरावट का बहाना बनाकर मांगे और पैसे

जब बुजुर्ग ने अपनी जमापूंजी निवेश कर दी और मुनाफे का ब्योरा मांगा, तो ठगों ने रंग बदलना शुरू कर दिया। आरोपियों ने भारत सहित वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट का हवाला देते हुए बताया कि उनकी पूरी रकम डूब गई है। इतना ही नहीं, शातिरों ने इस नुक्सान की भरपाई करने के नाम पर बुजुर्ग के सामने और रकम जमा करवाने की शर्त रख दी। लगातार पैसों की मांग और मूल रकम वापस न मिलने पर पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस अब ठगी में प्रयुक्त बैंक खातों को खंगाल रही है।

केवल सेबी से पंजीकृत प्लेटफॉर्म का ही करें इस्तेमाल: एसपी

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी साइबर क्राइम अमित यादव ने बताया कि गोल्ड में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने आम जनता को सतर्क करते हुए अपील की है कि शेयर बाजार या गोल्ड ट्रेडिंग में निवेश के लिए केवल सेबी से पंजीकृत वैध प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई को जोखिम में न डालें।

निवेश से पहले पुलिस की इन चेतावनियों पर जरूर दें ध्यान

शिमला पुलिस ने इस घटना के बाद नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस का कहना है कि ठग अक्सर छोटी रकम पर मुनाफा दिखाकर फंसाते हैं, इसलिए निवेश से पहले कंपनी और प्लेटफॉर्म की सत्यता जांचना अनिवार्य है।

  • व्हाट्सएप या टेलीग्राम के अनजान ग्रुप्स में मिलने वाली ट्रेडिंग टिप्स पर कतई भरोसा न करें।
  • कम समय में पैसा दोगुना करने या गारंटीड मुनाफे के दावों से हमेशा सावधान रहें।
  • किसी भी अनजान व्यक्ति के निजी बैंक खाते या यूपीआई नंबर पर निवेश की राशि ट्रांसफर न करें।
  • बिना आधिकारिक सत्यापन वाले ट्रेडिंग ऐप्स या संदिग्ध लिंक्स को डाउनलोड करने से बचें।
  • निवेश से पूर्व यह सुनिश्चित करें कि संबंधित प्लेटफॉर्म सेबी में पंजीकृत है या नहीं।
  • किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड या गोपनीय वित्तीय जानकारी सांझा न करें।

ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए उठाएं ये कदम

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। पीड़ित को बिना समय गंवाए तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके साथ ही, अपने संबंधित बैंक को तुरंत सूचित करें ताकि लेनदेन को फ्रीज किया जा सके। ठगी से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्य जैसे- बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल्स, यूपीआई आईडी, मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप चैट को सुरक्षित रखें। पुलिस के मुताबिक, सूचना जितनी जल्दी मिलेगी, ठगी गई रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने की संभावना उतनी ही अधिक होगी।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!