शिमला: शिमला जिला के रोहड़ू बाजार में पुलिस ने शुक्रवार को एक गैस्ट हाऊस में चल रहे अवैध देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार पुलिस को पहले से इस तरह की गतिविधियों की खबर मिल रही थी कि सेब सीजन के दौरान बाहर से लड़कियों को बुलाकर व्यापारिक ढंग से उनका शोषण करवाया जा रहा है।
रोहड़ू थाना प्रभारी अमित शर्मा ने टीम का गठन कर योजना बनाई और एक युवक को नकली ग्राहक बनाकर गैस्ट हाऊस में भेजा। जैसे ही युवक से पुष्ट जानकारी मिली ताे पुलिस टीम ने तुरंत गैस्ट हाऊस में छापेमारी की। इस दाैरान पुलिस ने एक युवती काे रैस्क्यू किया जाेकि पंजाब की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने गैस्ट हाऊस के संचालक काे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
डीएसपी प्रणव चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती काे रैस्क्यू करने के बाद परामर्श केंद्र भेज दिया है और गैस्ट हाऊस संचालक के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कितने समय से यहां देह व्यापार चल रहा था और किन-किन लोगों की इसमें संलिप्तता रही है।








