शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के अंतर्गत आने वाले काशपाट इलाके में बीती रात बादल फटने से दहशत फैल गई। काशपाट नाले में अचानक आए फ्लैश फ्लड के कारण इलाके में रातभर अफरा-तफरी का माहौल रहा। राहत की बात यह है कि इस भयानक प्राकृतिक आपदा में किसी की जान नहीं गई, लेकिन इलाके में स्थित गंगदारी हाईड्रो पावर प्रोजैक्ट को करोड़ों रुपए का नुक्सान होने का अनुमान है।

प्लांट के इंचार्ज धीरज वर्मा के अनुसार, पानी का बहाव इतना खौफनाक था कि प्रोजैक्ट के इंटेक की अपस्ट्रीम और डाऊनस्ट्रीम राफ्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। बॉटम कन्वेयंस चैनल में भारी कटाव हुआ है और कई क्रेट्स पानी में बह गए हैं। पूरे प्रोजैक्ट परिसर में मलबा भर गया है, जिससे बिजली परियोजना का ढांचागत नुक्सान काफी ज्यादा है। प्रशासन अब मलबे को हटाने और स्थिति को सामान्य करने की रूपरेखा तैयार कर रहा है।

तकलेच के नायब तहसीलदार अनमोल शर्मा ने पुष्टि की है कि अभी तक किसी भी तरह के जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। घटना की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग की टीम को नुक्सान का जायजा लेने के लिए ग्राऊंड जीरो पर भेज दिया गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि खराब मौसम को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी सूरत में नदी-नालों के आसपास न जाएं।







