हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। शुक्रवार देर रात भलेड इलाके में एक तीखे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के समय तेज बारिश और कम दृश्यता होने के कारण रातभर किसी को इस दुर्घटना की भनक नहीं लग सकी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार दरिणी ग्राम पंचायत के चनैना गांव के रहने वाले अमित कुमार (26), रोहित शर्मा (24) और पंकज कुमार (22) शुक्रवार को दूली गांव में गुग्गा जाहरवीर मेले से लौट रहे थे। भलेड के पास तीखे मोड़ पर अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरी। शनिवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे टूटी हुई झाड़ियां और नीचे बाइक पड़ी देखी, तब प्रशासन को सूचित किया गया। ग्रामीणों ने तीनों युवकों को खाई से निकालकर शाहपुर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीनों युवकों में से अमित कुमार विवाहित था। वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया शाहपुर अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासन को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में तेजी लाने और पीड़ित परिवारों को तत्काल फौरी राहत राशि उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







