वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: 6 माह के बच्चे को दूध पिलाने स्कूटी पर घर लौट रही थी मां, रास्ते में तेज रफ्तार कार ने छीन लीं सांसें

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक ऐसा सड़क हादसा सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पांवटा साहिब में 6 महीने के मासूम को दूध पिलाने घर जा रही एक महिला स्वास्थ्य कर्मी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। विडंबना यह रही कि 6 महीने के मातृत्व अवकाश के बाद महिला ने महज दो दिन पहले ही दोबारा अपनी ड्यूटी ज्वाइन की थी।

मृतका की पहचान 36 वर्षीय पूनम पत्नी राजेंद्र कुमार निवासी अजौली, पांवटा साहिब के रूप में हुई है। पूनम कुंडियों स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फीमेल हेल्थ वर्कर के पद पर तैनात थीं। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर के समय पूनम अपनी स्कूटी से घर की तरफ जा रही थीं, ताकि अपने 6 महीने के शिशु को दूध पिला सकें। जैसे ही वह पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे-707 पर नारीवाला के समीप पहुंचीं, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार (UK 07 DM-2646) ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूनम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

इस हादसे की खबर जैसे ही अजौली गांव स्थित घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पूनम अपने पीछे 6 माह के मासूम सहित तीन बच्चों को छोड़ गई हैं। जिस मां का मासूम घर पर उसका इंतजार कर रहा था, उसी मां की मौत की खबर ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुरुवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था। पुलिस ने उत्तराखंड नंबर की कार के चालक के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!