ऊना: ऊना जिले के ख्वाजा (बसाल) में 27 जुलाई को अरनियाला निवासी राकेश कुमार उर्फ गग्गी की हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने इस वारदात के मुख्य शूटर को पकड़ लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान होशियारपुर जिले के बस्सी मुदा, बाघपुर मंदिर निवासी विपन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 0.32 बोर की देसी पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस भी बरामद किए।
वारदात काे अंजाम देने की फिराक में था आराेपी
जानकारी के मुताबिक, वह मोहाली के नजदीक खरड़ इलाके में किसी और वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया। पंजाब पुलिस के डीजीपी ने सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विपन कुमार ही गग्गी हत्याकांड में मुख्य शूटर था। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद खरड़ थाना पुलिस ने उस पर केस दर्ज कर लिया है और अब उससे गहन पूछताछ जारी है।
पुरानी रंजिश का नतीजा थी गग्गी की हत्या
सूत्रों के अनुसार गग्गी की हत्या विदेश में बैठे गैंगस्टरों के बीच चल रही पुरानी रंजिश का नतीजा थी। यह गैंगवार मुख्य रूप से लड्डी भजल उर्फ कूनर और मोनू गुज्जर (रवि बलाचौरिया गैंग) तथा बब्बी राणा (सोनू खत्री गैंग) के बीच चल रही दुश्मनी का हिस्सा है। मृतक राकेश उर्फ गग्गी, बब्बी राणा का नजदीकी सहयोगी माना जाता था। वहीं, बब्बी राणा का खुद सोनू खत्री से भी गहरा जुड़ाव बताया जा रहा है। ऐसे में यह पूरी वारदात आपसी गैंग टकराव की कड़ी मानी जा रही है।
ट्रांजिट रिमांड पर ऊना लाया जाएगा आराेपी
ऊना पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने जानकारी दी कि इस केस में जिला पुलिस लगातार पंजाब पुलिस के संपर्क में है। जल्द ही आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर ऊना लाया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई अहम कड़ियां सामने आएंगी और इस हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।








