शाहपुर: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार काे रैत स्थित ओम पैलेस में पुरुषों एवं महिलाओं की 2 दिवसीय राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग बैंच प्रैस तथा डैड लिफ्ट चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 100 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
बता दें कि केवल सिंह पठानिया पावर लिफ्टिंग इंडिया के वाइस प्रैजीडैंट एवं हिमाचल प्रदेश पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के प्रैजीडैंट भी हैं। उन्हाेंने बताया कि इस बार फैडरेशन कप का आयोजन धर्मशाला में किया जा रहा है। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि पावर लिफ्टिंग की टीम को इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भेजने की अनुमति प्रदान कर दी गई है।
केवल सिंह पठानिया ने खिलाड़ियों का शाहपुर विधानसभा में स्वागत करते हुए घोषणा की कि उनके रहने व खाने-पीने की व्यवस्था का खर्च वह स्वयं वहन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी तथा सभी विभागों को अपेक्षित सहयोग देने के निर्देश दिए।
इस माैके पर एचपीपीए के संयुक्त सचिव ध्रुव सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया एवं प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी दी। कार्यक्रम में एचपीपीए के महासचिव अजीत सिंह, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता, अधिशाषी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, लोक निर्माण अंकज सूद, विद्युत विभाग अमित शर्मा, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी एवं अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








