हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दाैर लगातार जारी है। इसी बीच एक बार फिर मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और किन्नौर के कुछ स्थानों पर बुधवार के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि इन जगहों पर जमकर पानी बरस सकता है, तो जरा संभलकर रहने की ज़रूरत है। वहीं, ऊना और बिलासपुर ज़िलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहाँ भी बारिश की संभावना है, लेकिन शायद ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों जितनी तीव्रता न हो। हालांकि, सावधानी यहां भी उतनी ही जरूरी है।
सिर्फ यही नहीं, प्रदेश के बाकी जिलों में भी बादलों का डेरा रहेगा और रुक-रुक कर फुहारें पड़ती रहेंगी। मौसम विभाग की मानें तो यह खराब मौसम 8 सितम्बर तक आपका पीछा नहीं छोड़ने वाला है, इसलिए आने वाले दिनों में भी सतर्कता बनाए रखनी होगी।
इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक अहम फैसला लिया है। शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, बिलासपुर, कांगड़ा और चम्बा जिलों में बुधवार को सभी शिक्षण संस्थान (स्कूल-कॉलेज) बंद रहेंगे। इसके साथ ही, ऊना जिले के बंगाणा इलाके के शिक्षण संस्थानाें को भी बुधवार को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
ऐसे में सभी से गुजारिश है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, घर से बाहर न निकलें। खासकर नदी-नालों से दूर रहें और पहाड़ों पर यात्रा करने से बचें। अपने और अपने परिवार की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें और मौसम की हर अपडेट पर नजर रखें।








