वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हमीरपुर: सर्व कल्याणकारी संस्था ने 150 से अधिक आशा वर्करों को किया सम्मानित, बांटे मेडिकल उपकरण

सर्व कल्याणकारी संस्था ने सुजानपुर के भरेटा गांव में एक कार्यक्रम का आयोजन कर स्वास्थ्य क्षेत्र की रीढ़ मानी जाने वाली 150 से अधिक आशा वर्करों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रति उनकी नि:स्वार्थ सेवा को पहचान दिलाना था।

कार्यक्रम के दाैरान भरेटा गांव में मेले जैसा माहौल बन गया और कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा और सर्व कल्याणकारी संस्था के संस्थापक राजेंद्र राणा के बतौर मुख्य अतिथि पहुंचते ही युवाओं ने “भारत माता की जय” के नारों से उनका स्वागत किया। महिलाओं, पूर्व सैनिकों और आशा वर्करों की उपस्थिति इतनी अधिक थी कि आयोजन स्थल छोटा पड़ गया और आयोजकों को बार-बार अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था करनी पड़ी।

कार्यक्रम की शुरूआत हाल ही में इलाके के 2 सेवारत सैनिकों के निधन और प्रदेश में आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखकर की गई, जिससे माहौल भावुक हो गया।

मंच पर सुजानपुर, टाैणी देवी और हमीरपुर खंड की 150 से अधिक आशा वर्करों को सम्मानित किया गया। सम्मान के साथ-साथ उन्हें उनके दैनिक कार्यों में मदद के लिए बीपी नापने की मशीन, शुगर जांच किट और थर्मामीटर जैसे मेडिकल उपकरण भी दिए गए। जब आशा वर्कर अपना सम्मान लेने मंच पर पहुंचीं तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

सर्व कल्याणकारी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि संस्था वर्षों से महिला मंडलों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सम्मानित करती आ रही है और यह परंपरा जारी रहेगी। उन्होंने संस्था द्वारा आयोजित सैंकड़ों मेडिकल कैंप, कोरोना काल में की गई सेवा और भविष्य में बड़े स्तर पर सामाजिक कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने सर्व कल्याणकारी संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इसने पूरे उत्तरी भारत में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जहां सरकार जरूरतमंदों की मदद करने में विफल रही है, वहीं सर्व कल्याणकारी संस्था जैसे सामाजिक संगठन यह जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने सरकार पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाया।

सर्व कल्याणकारी संस्था के संस्थापक राजेंद्र राणा ने भावुक अंदाज में कहा कि मानवता की सेवा ही हमारा धर्म है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्व कल्याणकारी संस्था ने कभी भी जाति, धर्म या राजनीतिक विचारधारा के आधार पर भेदभाव नहीं किया। उन्होंने हाल ही में आई आपदा में प्रभावितों तक राशन और आर्थिक मदद पहुंचाने का भी जिक्र किया और कहा कि आशा वर्करों को सम्मानित करने का यह यज्ञ निरंतर चलता रहेगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!