वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Video: जिंदगी भर की कमाई, यादें और सपने मलबे में तब्दील, सिर्फ 5 सैकेंड में ढह गया आशियाना…

मंडी जिला में कल शाम बालीचौकी का बाजार एक जोरदार धमाके और धूल के गुबार से दहल गया। देखते ही देखते एक 4 मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। सिर्फ 5 सैकेंड… और किसी की जिंदगी भर की कमाई, यादें और सपने मलबे में तब्दील हो गए। इस खौफनाक मंजर का वीडियो आज जब सोशल मीडिया पर सामने आया तो देखने वालों की रूह कांप गई।

राहत की बात या कहें कि ईश्वर का शुक्र बस इतना है कि इस इमारत में उस वक्त कोई मौजूद नहीं था। प्रशासन ने खतरे को पहले ही भांप लिया था और बिल्डिंग को खाली करा दिया गया था, अन्यथा इस हादसे की तस्वीर कितनी भयानक होती, यह सोचकर भी दिल दहल जाता है।

लेकिन यह कहानी सिर्फ एक इमारत की नहीं है। यह पूरे बालीचौकी बाजार के डर और बेबसी की कहानी है। पिछले 10 दिनों में यह पांचवीं बहुमंजिला इमारत है जो जमींदाेज गई है। यहां के लोगों की आंखों में नींद नहीं, सिर्फ खौफ है। उन्हें डर है कि जिस जमीन पर उन्होंने अपना आशियाना बनाया, वही जमीन अब उनके घरों को निगल रही है।

बता दें कि बाजार के पीछे लगातार हो रहे भूस्खलन (जमीन धंसने) ने इन इमारतों की नींव को कमजोर कर दिया है। 5 से ज्यादा और घरों को खाली करा दिया गया है। लोग अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं। उनकी आंखों में आंसू हैं और एक ही सवाल है कि अब हम कहां जाएंगे? हमारा भविष्य क्या होगा? पूरा बाजार इस समय खतरे के साए में है और हर कोई बस यही प्रार्थना कर रहा है कि यह तबाही का सिलसिला अब किसी भी तरह थम जाना चाहिए। हमारी संवेदनाएं बालीचौकी के हर उस व्यक्ति के लिए हैं, जिसने इस आपदा में अपना आशियाना और जमीन गंवा दी है।

नीचे देखें वीडियो…

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!