मंडी जिले से एक मातम भरी खबर सामने आई है। जहां एक सड़के हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया है, जबकि एक महिला जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। यह दिल दहला देने वाली घटना रविवार शाम काेटली इलाके में पेश आई। एक टाटा सूमो गाड़ी कोटली से कुन गांव की ओर जा रही थी, जिसमें 3 लोग सवार थे। उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनका आखिरी सफर बन जाएगा।
द्रुबल पंचायत के अलग गांव के पास पहुंचते ही अचानक गाड़ी अनियंत्रित हाेकर सड़क से करीब 40 फुट नीचे खाई में जा गिरी। इस हादसे में कुन गांव के रहने वाले पवन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी रमा देवी और बड़ू गांव के अच्छर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग फौरन मदद के लिए दौड़े। उन्होंने बिना देर किए 108 एम्बुलैंस को फोन किया और घायलों को खाई से निकालकर कोटली अस्पताल पहुंचाया।
कोटली अस्पताल में डॉक्टरों ने पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि रमा देवी और अच्छर सिंह की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जोनल अस्पताल मंडी रैफर कर दिया गया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था…मंडी अस्पताल में इलाज के दौरान अच्छर सिंह ने भी दम तोड़ दिया।
इस हादसे में अपने पति को खो चुकी रमा देवी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रैफर कर दिया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं।
द्रुबल पंचायत की प्रधान रेखा ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा बहुत दुखद है। वहीं, एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस को टाटा सूमो के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। क्या ये हादसा मानवीय भूल थी या कोई तकनीकी खराबी, इन सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।








