शिमला जिला के कोटखाई थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई जबकि 2 अन्य घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वालाें एक स्थानीय व्यक्ति और 4 नेपाली मूल के श्रमिक बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार खोला कैंची के पास एक पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में 7 लाेग सवार थे। गाड़ी के खाई में गिरते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। इस दाैरान आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही कोटखाई थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई।
हादसे के दाैरान 2 लाेगाें ने माैके पर ही दम ताेड़ दिया था जबकि 2 घायलाें ने अस्पताल में अंतिम सांस ली। वहीं शिमला रैफर किए गए एक घायल ने रास्ते में दम ताेड़ दिया। उधर, कोटखाई के एसएचओ ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। एक मृतक की पहचान जोगिंदर सिंह पुत्र बालक राम निवासी खोला गांव के रूप में हुई है, जबकि अन्य मृतकाें और घायलाें के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे में 5 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने घायल हुए 2 लाेगाें काे उत्कृष्ट चिकित्सा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। सीएम ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।








