हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात कों हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जिले के धर्मपुर उपमंडल में स्थिति सबसे गंभीर है, जहां सोन खड्ड में आई विनाशकारी बाढ़ ने पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले लिया। बस स्टैंड सहित दर्जनों दुकानें पानी में डूब गई हैं, जिससे करोड़ों के नुक्सान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात को शुरू हुई भारी बारिश के कारण सोन खड्ड का जलस्तर अचानक इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते धर्मपुर के मुख्य बाजार और बस स्टैंड में पानी घुस गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कुछ ही घंटों में पूरा इलाका जलमग्न हो गया।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाढ़ की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धर्मपुर बस स्टैंड लगभग 10 फीट पानी में डूब गया। बस स्टैंड पर खड़ी एक दर्जन से अधिक सरकारी बसें और कई निजी गाड़ियां पानी के तेज बहाव में बह गईं। बाजार की लगभग सभी दुकानें पूरी तरह से डूब गईं, जिससे व्यापारियों का सारा सामान और स्टॉक बर्बाद हो गया। इससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। कई रिहायशी घरों की निचली मंजिलों में भी पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है।
मंगलवार सुबह बारिश थोड़ी कम होने के बाद सोन खड्ड का जलस्तर कम हुआ ताे तबाही का मंजर देखकर लाेग सहम गए। फिलहाल प्रशासन अब राहत और बचाव कार्यों में जुटकर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रहा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास न जाने की सख्त अपील की है। वहीं, मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में और अधिक बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन टीमों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।








