वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: सोए हुए परिवार पर कहर बनकर गिरी पहाड़ी, 8 माह के बच्चे सहित 3 लाेगाें की गई जान

हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सितम्बर के महीने में भी पहाड़ों में हो रही भारी बारिश लगातार तबाही मचा रही है। मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल की निहरी तहसील से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बीती रात हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के 3 लोगों की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार यह हादसा निहरी तहसील के ब्रगटा गांव में हुआ। देर रात भारी बारिश के कारण एक घर के ठीक ऊपर से पहाड़ी दरक गई और भारी मात्रा में मलबा सीधे घर पर आ गिरा। इस भूस्खल के कारण पूरा का पूरा घर जमींदोज हो गया और अंदर सो रहे लोग मलबे में जिंदा दफन हो गए।

हादसे के वक्त घर में परिवार के 5 सदस्य मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक 8 महीने का बच्चा भी शामिल है। मृतकों की पहचान तांगू देवी (33) पत्नी जय सिंह, कमला देवी(33) पत्नी देव राज और भीष्म सिंह (8 माह) पुत्र देव राज के रूप में की गई है। वहीं बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी पहचान खूबराम (65) पुत्र धनी राम और दर्शन देवी (58) पत्नी धनी राम के रूप में की गई है।

दो लोगों को सुरक्षित बचाया गया
मंडी जिले की एसपी साक्षी वर्मा ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और लोग डरे हुए हैं। प्रशासन प्रभावित परिवार को हरसंभव मदद पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!