हिमाचल प्रदेश की सियासत और बुशहर राजघराने के लिए सोमवार का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। प्रदेश के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के बेटे कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह चंडीगढ़ की डॉ. अमरीन कौर के साथ परिणय सूत्र में बंध गए। चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित गुरुद्वारा साहिब में ‘आनंद कारज’ की पवित्र रस्मों के बीच दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नई जिंदगी की शुरुआत की। इस सादे लेकिन गरिमापूर्ण समारोह में केवल दोनों परिवारों के करीबी सदस्य और खास दोस्त ही शामिल हुए, जिन्होंने नवदंपति को सुखी और समृद्ध वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।

विक्रमादित्य सिंह की दुल्हन डॉ. अमरीन कौर अकादमिक दुनिया का एक जाना-माना नाम हैं। चंडीगढ़ निवासी सरदार जोतिंदर सिंह सेखों और सरदारनी ओपिंदर कौर की बेटी डॉ. अमरीन के पास अंग्रेजी और मनोविज्ञान में दोहरी मास्टर डिग्री है। उन्होंने मनोविज्ञान में पीएचडी भी पूरी की है और वर्तमान में पंजाब यूनिवर्सिटी में सहायक प्रोफैसर के पद पर कार्यरत हैं। डॉ. अमरीन विक्रमादित्य सिंह की पुरानी मित्र हैं और यह उनकी पहली शादी है।

इस शादी की सबसे खूबसूरत बात यह रही कि इसने हिमाचल की सियासत की तीखी दूरियों को भी पाट दिया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर व्यक्तिगत रूप से समारोह में शामिल हुए और वर-वधू को आशीर्वाद दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीर सांझा करते हुए लिखा कि विक्रमादित्य सिंह को परिणय सूत्र में बंधने पर हार्दिक बधाई। ईश्वर से उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना करता हूं। मां भीमाकाली आप पर सदैव अपना आशीर्वाद बनाए रखें। उनके साथ विधायक सुधीर शर्मा और पूर्व विधायक राजेंद्र राणा भी मौजूद रहे।

वहीं, मंडी लोकसभा चुनाव में विक्रमादित्य सिंह की प्रतिद्वंद्वी रहीं अभिनेत्री और नवनिर्वाचित सांसद कंगना रनौत ने भी बड़े दिल से उन्हें बधाई दी। कंगना ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह के साथ मेरी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, यह सिर्फ विचारधारा की लड़ाई है। उनके दिवंगत पिता वीरभद्र सिंह जी मुझे अपनी बेटी की तरह मानते थे। आज हिमाचल के राजकुमार की शादी है, मैं उन्हें बहुत-बहुत बधाई देती हूं।
बुशहर राजघराने के वारिस और शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह के लिए यह एक नई भावनात्मक शुरुआत है। यह उनका दूसरा विवाह है। उनकी पहली शादी 2019 में राजस्थान की सुदर्शना सिंह से हुई थी, लेकिन यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल सका और 2020 में दोनों अलग हो गए। अब, जीवन के इस नए अध्याय में डॉ. अमरीन कौर उनकी हमसफर बनी हैं।
वीडियाे में देखें विक्रमादित्य सिंह ने शेयर की शादी खूबसूरत तस्वीरें…








