वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: शिमला की सड़कों पर मौत को दावत देते बाइकर्स का वीडियो वायरल, मंडी में हुए हादसे से भी नहीं लिया सबक

पहाड़ों की रानी शिमला में कुछ बाइकर्स की तेज रफ्तार और जानलेवा स्टंटबाजी से हर काेई सहम उठा है। सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स पाने की अंधी दौड़ में ये युवा न सिर्फ अपनी जान से खिलवाड़ कर रहे हैं, बल्कि सड़क पर चलते आम लोगों के लिए भी साक्षात खतरा बन गए हैं। इसका जीता-जागता सबूत एक 42 सैकेंड का वीडियो है, जो शिमला के उप नगर संजौली का बताया जा रहा है और तेजी से वायरल हो रहा है।

जब मां-बेटी के पास से गुजरी ‘मौत’

वायरल वीडियो में दो बाइकर्स नजर आ रहे हैं। एक युवक खतरनाक तरीके से दाेपहिया वाहन पर स्टंट कर रहा है, जबकि दूसरा उसका वीडियो बना रहा है। ये स्टंट किसी खाली मैदान में नहीं, बल्कि संजौली की व्यस्त सड़क पर किए जा रहे हैं, जहां आम लोग और गाड़ियां हर पल गुजर रही हैं। वीडियो में दिल दहला देने वाले कई पल हैं। एक दृश्य में एक मां अपनी छोटी बच्ची को स्कूल से लेकर घर लौट रही है, तभी तेज रफ्तार स्टंट करता बाइकर उनके बिल्कुल करीब से गुजरता है। मां और बच्ची टकराने से बाल-बाल बचती हैं। इतना ही नहीं, बाइकर चलती गाड़ी की तरफ पैर से किक मारते हुए भी देखा जा सकता है। एक अन्य स्टंट में वह बाइक को पिछले टायर पर खड़ा करके चलाता है और एक हाथ से हैंडल संभालते हुए चलती बस को छूने की कोशिश करता है। उसकी एक छोटी सी चूक कई जिंदगियों पर भारी पड़ सकती थी।

वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस, एफआईआर दर्ज

वीडियो के वायरल होते ही शिमला पुलिस हरकत में आई। एसएचओ संजौली जसवंत सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि सभी बाइकर्स की पहचान की जा सके। उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

6 दिन पहले बुझ चुका है एक घर का चिराग

बता दें कि 6 दिन पहले ही हिमाचल ने रील बनाने के इसी जुनून में एक युवा जान को खोया है। मंडी के 22 वर्षीय अनिकेत ने भी कुछ इसी तरह के स्टंट करते हुए अपनी जान गंवा दी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर मलोरी टनल के पास जब अनिकेत रील के लिए स्टंट कर रहा था तो उसकी बाइक फिसल गई और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। उस वक्त भी उसके दोस्त वीडियो बना रहे थे। पुलिस ने इस मामले में वीडियो बना रहे साथियों पर भी एफआईआर दर्ज की है।

डीजीपी दे चुके हैं आदेश, सड़काें पर रील बनाने पर सीधी दर्ज हाेगी एफआईआर

प्रदेश में बढ़ते ऐसे मामलों पर पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कड़ा रुख अपनाया है। मंडी हादसे के तुरंत बाद उन्होंने सभी जिलों के एसपी के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हाईवे और फोरलेन पर गाड़ी रोककर रील या वीडियो बनाने पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए और सीधे एफआईआर दर्ज की जाए। डीजीपी ने युवाओं अपील करते हुए कहा कि कुछ सैकेंड की रील या सोशल मीडिया पोस्ट के लिए अपनी जान जोखिम में डालना मूर्खता है। जिंदगी किसी भी ट्रैंड या लाइक से कहीं ज्यादा कीमती है। उन्होंने हाईवे पर पैट्रोलिंग बढ़ाने और सीसीटीवी से निगरानी तेज करने के भी निर्देश दिए हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!