वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

मंडी: सुंदरनगर में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ पर बवाल, गुस्साई भीड़ ने आरोपी का मुंह काला कर पुलिस को सौंपा

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में एक व्यक्ति द्वारा नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में गुस्साई भीड़ ने आराेपी को पकड़कर न केवल जमकर धुनाई की, बल्कि उसका मुंह काला कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। उक्त व्यक्ति पर स्कूल से लौट रही बच्ची को जबरन अपनी कार में बिठाने के प्रयास का आराेप लगा है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना मंगलवार को उस समय घटी जब एक नाबालिग छात्रा स्कूल से अपने घर लौट रही थी। तभी कार सवार उक्त व्यक्ति ने उसका रास्ता रोका और उसका हाथ पकड़कर उसे जबरदस्ती अपनी कार में खींचने की कोशिश की। छात्रा के शाेर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। इस घटना से सहमी हुई छात्रा ने बुधवार सुबह हिम्मत जुटाकर अपने परिवार को न केवल मंगलवार की घटना के बारे में बताया, बल्कि यह भी खुलासा किया कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से उसका पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। परिवार ने तुरंत मामले की गंभीरता को समझा और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी।

गुस्साई भीड़ ने सिखाया सबक

बुधवार शाम को जब परिवार और स्थानीय लोग आरोपी की तलाश में जुटे थे, तभी आरोपी खुद पीड़िता के घर के पास घूमता हुआ पाया गया। उसे देखते ही लोगों ने उसे तुरंत पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। लोगों का गुस्सा इस कदर था कि उन्होंने आरोपी के मुंह पर कालिख पोत दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

थाने में हंगामा और पुलिस की कार्रवाई

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब आरोपी और पीड़ित पक्ष के लोग बड़ी संख्या में सुंदरनगर पुलिस थाना पहुंच गए। वहां दोनों गुटों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और देखते ही देखते स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। पुलिस को थाने के अंदर और बाहर बिगड़ते हालात को नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान हाईवे पर भी यातायात बाधित रहा। आरोपी पक्ष ने भी भीड़ द्वारा पिटाई करने और उसकी कार में आग लगाने की कोशिश की शिकायत दर्ज करवाई है।

कौन है आरोपी?

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत आरोपी के खिलाफ पाेक्साे एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता और उसके परिवार के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपी से पूछताछ जारी है। शुरूआती जानकारी के अनुसार आरोपी कुछ साल विदेश में रहकर लौटा है और शादीशुदा है। यह भी बात सामने आ रही है कि उसने दो शादियां कर रखी हैं (एक कश्मीर में और दूसरी बिलासपुर जिले के घुमारवीं में)। हालांकि, पुलिस इस जानकारी की सत्यता की पुष्टि कर रही है।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव पैदा कर दिया है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और पीड़ित परिवार को पूरा न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून अपना काम करेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि सच सामने आ सके और समुदाय में शांति और विश्वास बहाल हो सके।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!