वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: मंडी को जाम से मिलेगी मुक्ति…शहर में नया ट्रैफिक सिस्टम लागू, जानिए क्या-क्या हुए बड़े बदलाव

हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर की सड़कों पर रोजाना लगने वाले जाम और पार्किंग की अव्यवस्था से परेशान लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था ने अब एक नई करवट ली है। जिला दंडाधिकारी अपूर्व देवगन ने एक व्यापक योजना के तहत ट्रैफिक के नए नियमों की अंतिम अधिसूचना जारी कर दी है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। यह बदलाव सिर्फ एक प्रशासनिक आदेश नहीं, बल्कि शहर के आम नागरिकों से मिले सुझावों और आपत्तियों पर गौर करने के बाद उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।

अब जाम में नहीं बीतेगा कीमती समय

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने विश्वास जताया कि यह नई व्यवस्था शहर की सड़कों पर बढ़ते वाहनों के दबाव को कम करेगी और लोगों को रोज़ाना होने वाली जाम की समस्या से बड़ी राहत दिलाएगी। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य मंडी शहर के यातायात को सुचारू और सुरक्षित बनाना है ताकि नागरिकों का जीवन आसान हो सके। यह नगर निगम और पुलिस विभाग के साथ मिलकर तैयार की गई एक जन-हितैषी योजना है।

अब इन 18 सड़कों पर गाड़ी पार्क करना पड़ेगा महंगा

अगर आप मंडी शहर में अपनी गाड़ी कहीं भी पार्क कर देते थे तो अब सावधान हो जाइए। शहर के 18 प्रमुख मार्गों को ‘नो-पार्किंग जोन’ घोषित कर दिया गया है। इनमें टारना टर्न से माइक्रोवेव स्टेशन, गांधी चौक से विक्टोरिया ब्रिज, ओल्ड सुकेती ब्रिज से भ्यूली ब्रिज, इंदिरा मार्केट, सुकोडी चौक से जेल रोड, जेल रोड से एडीसी आवास तक, चौहाटा बाजार से पोस्ट ऑफिस, सुकोडी चौक से बीआरओ कार्यालय, टीका साहिब रोड, बाईपास रोड सुकोड़ी ब्रिज से विक्टोरिया ब्रिज, ओल्ड सुकेती ब्रिज से केहनवाल चौक, डाइट रोड और पुलिस स्टेशन से एसपीयू कैंपस होते हुए जिमखाना क्लब तक के क्षेत्र शामिल हैं। न्यू ब्रिज से विक्टोरिया ब्रिज तक का इलाका पेड पार्किंग क्षेत्र रहेगा। वहीं, डीसी कार्यालय, एसपी कार्यालय और अन्य सरकारी भवनों में अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए रिजर्व पार्किंग तय की गई है। नगर निगम मंडी को सभी स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी को कोई भ्रम न हो।

सफर होगा आसान, वन-वे और बस स्टॉप की नई व्यवस्था

वन-वे ट्रैफिक: जाम को कम करने के लिए ओल्ड सुकेती ब्रिज से महामृत्युंजय मंदिर तक का मार्ग अब एक-तरफा रहेगा। वहीं, इंदिरा मार्कीट में ट्रैफिक घड़ी की सुई की दिशा में चलेगा, जिससे गाड़ियों का आवागमन सुगम होगा।
बसें अब हर जगह नहीं रुकेंगी: बसों के लिए बाईपास ओल्ड सुकेती ब्रिज, महामृत्युंजय चौक और सेरी मंच पर केवल 2 मिनट के ठहराव की अनुमति होगी। वहीं, बस स्टैंड से ओल्ड सुकेती ब्रिज और महामृत्युंजय चौक से सुकोडी चौक तक के मार्ग ‘नो-स्टॉपेज जोन’ होंगे, जहां बसों या बड़े वाहनों को रोकने पर कार्रवाई होगी।

व्यापारियों और सामान ढोने वालों के लिए समय सीमा तय

शहर के व्यापारियों और सामान ढोने वाले वाहन चालकों के लिए समय सीमा तय कर दी गई है। गर्मियों में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लोडिंग-अनलोडिंग होगी। सर्दियों में रात 9 बजे से सुबह 7 बजे तक अनुमति होगी। चौहाटा बाजार (पोस्ट ऑफिस रोड) पर एक समय में केवल एक ट्रक, स्टेट बैंक के सामने एक ट्रक, सेरी मंच दाईं ओर तीन ट्रक, कारगिल पार्क के समीप 3 जीप और ओल्ड सुकेती ब्रिज से पुलघराट तक एक समय में केवल 5 ट्रक तथा दो ट्रैक्टर खड़े किए जा सकेंगे। नियमों का उल्लंघन करने पर 25 हजार रुपए तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।

शांति और सुरक्षा पर भी जोर

सभी अस्पतालों, स्कूलों और सरकारी दफ्तरों के 50 मीटर के दायरे काे साइलैंस जोन बनाया गया है। अब यहां हॉर्न बजाना पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा। वहीं ओल्ड सुकेती ब्रिज से भ्यूली ब्रिज तक के मार्ग को ‘लो-स्पीड जोन’ बनाया गया है, ताकि वहां स्थित स्कूलों के आसपास बच्चे और नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।

ऑटो और टैक्सी वालों के लिए भी बदलाव

शहर के 30 ऑटो स्टैंडों में ऑटो की संख्या को सड़क की चौड़ाई और भीड़ के हिसाब से व्यवस्थित किया गया है। मौजूदा स्टैंडों पर भीड़भाड़ और सड़क की चौड़ाई के अनुसार पैसेंजर और गुड्स ऑटो की संख्या में कमी या वृद्धि की गई है। क्षेत्रीय अस्पताल के गेट के समीप और पुलिस लाइन बाईपास की ओर अब कोई ऑटो खड़ा नहीं होगा। बस स्टैंड वाटर टैंक के समीप 3 की जगह 11 ऑटो, सौलीखड्ड पीपल के पास 5 की जगह 9 ऑटो और बिंद्रावणी चौक पोस्ट पर 10 ऑटो खड़े करने की अनुमति दी गई है। बस स्टैंड निकास द्वार पर 7 कारें, सेरी मंच के पास कारगिल पार्क के सामने 10 कारें और बिंद्रावणी फोरलेन टर्निंग पॉइंट पर 3 गाड़ियों के लिए अस्थायी पार्किंग निर्धारित की गई है।

प्रशासन की अपील: नए नियमों का पालन कर शहर को बेहतर बनाएं

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सभी शहरवासियों, ड्राइवरों और व्यापारियों से इस नई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह शहर हम सबका है और इसे व्यवस्थित रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करें और मंडी को एक बेहतर शहर बनाने में हमारी मदद करें। उन्होंने साफ किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस और नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!