हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जिस जगह पर कुछ समय पहले हुए एक भीषण हादसे में 16 लोगों की जान चली गई थी, ठीक उसी जगह के पास आज फिर एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि इस बार कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार एक निजी बस बिलासपुर से शाहतलाई की ओर जा रही थी कि तभी मलारी के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार और संतुलन बिगड़ने के कारण बस सड़क किनारे बनी पुलिया के पैरापिट (सुरक्षा दीवार) पर चढ़ गई और वहीं लटक गई। दृश्य इतना खौफनाक था कि देखने वालों की सांसें थम गईं। बस का एक हिस्सा हवा में लटक रहा था।
यह हादसा भल्लू पुल से महज 2 किलोमीटर की दूरी पर हुआ है। यह वही इलाका है जिसे स्थानीय लोग अब खूनी स्पॉट या डेंजर जाेन मानने लगे हैं, क्योंकि इसी क्षेत्र में पहले हुए एक दर्दनाक बस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई थी। आज की घटना ने लोगों के जैहन में उस पुराने हादसे की यादें फिर से ताजा कर दीं। राहत की बात यह है कि बस के पैरापिट पर अटक जाने से वह नीचे नहीं गिरी, जिससे यात्रियों की जान बच गई।








