वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

दुबई एयर शो में बड़ा हादसा: वायुसेना का तेजस विमान क्रैश, हिमाचल के लाल स्क्वाड्रन लीडर नमन स्याल शहीद

दुबई एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना और पूरे देश के लिए एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। यहां आयोजित एक फ्लाइंग एक्सरसाइज के दौरान भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान तेजस दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के रहने वाले जांबाज पायलट स्क्वाड्रन लीडर नमन स्याल (37) शहीद हो गए हैं।

हजारों दर्शकों के सामने आग का गोला बना विमान

जानकारी के अनुसार यह घटना भारतीय समयानुसार दोपहर करीब 3:40 बजे हुई। उस वक्त स्क्वाड्रन लीडर नमन स्याल तेजस फाइटर जेट के जरिए हवा में कलाबाजियां (एयरोबैटिक्स) दिखा रहे थे। वहां मौजूद हजारों दर्शक इस प्रदर्शन को देख रहे थे, तभी अचानक विमान अनियंत्रित होकर जमीन से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान तुरंत आग के गोले में तब्दील हो गया और मौके पर धुएं का विशाल गुबार उठ गया। हादसा इतनी तेजी से हुआ कि पायलट नमन स्याल को खुद को बचाने (इजेक्ट करने) का मौका भी नहीं मिल सका।

सैनिक स्कूल सुजानपुर के होनहार छात्र थे नमन

शहीद नमन स्याल मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां की पंचायत पटियालकड़ के वार्ड नम्बर-7 के रहने वाले थे। देशसेवा का जज्बा उन्हें विरासत में मिला था। उनके पिता जगन्नाथ भारतीय सेना में अधिकारी रह चुके हैं और बाद में शिक्षा विभाग से प्रिंसिपल के पद से रिटायर हुए। नमन ने अपनी स्कूली शिक्षा हमीरपुर जिले के प्रतिष्ठित सुजानपुर सैनिक स्कूल से प्राप्त की थी। वह 2005 बैच के पासआउट थे। ग्रेजुएशन के साथ ही उन्होंने वायुसेना में जाने की तैयारी शुरू कर दी थी और देश के एक बेहतरीन पायलट बने।

हादसे के वक्त हैदराबाद में थे माता-पिता, पत्नी भी वायुसेना में अधिकारी

इस हादसे की खबर ने नमन के परिवार को तोड़ कर रख दिया है। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय नमन के माता-पिता हैदराबाद घूमने गए हुए थे, जहां उन्हें अपने बेटे की शहादत की सूचना मिली। नमन अपने पीछे अपनी पत्नी अफसान और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी अफसान भी भारतीय वायुसेना में ग्राऊंड ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।

वायुसेना ने दिए जांच के आदेश

भारतीय वायुसेना (IAF) ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि “IAF को हुए जानमाल के नुक्सान पर अत्यंत दुख है। इस कठिन समय में हम शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।” वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ का गठन कर दिया है।

सीएम सुक्खू ने दी श्रद्धांजलि

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नमन स्याल की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि “देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी पायलट खो दिया है। वीर सपूत नमन स्याल जी की अदम्य वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को हृदय से नमन करते हैं।”

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!