देवभूमि की पवित्रता और युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए कुल्लू पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मनाली के माल रोड स्थित एक होटल के बंद कमरे में चल रहे नशे के इस काले कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस दलदल में फंसे आरोपियों में दो युवतियां भी शामिल हैं।
कमरा नंबर 114 में चल रहा था जिंदगी का सौदा
मामले की जांच कर रहे मुख्य आरक्षी नरेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे, जब उन्हें यह गुप्त सूचना मिली कि माल रोड के एक होटल के कमरा नंबर 114 में कुछ युवक-युवतियां चिट्टे (हेरोइन) की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए दबिश दी और तलाशी के दौरान इनके पास से 26.29 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
पंजाब, उत्तर प्रदेश और कोलकाता के युवा शामिल
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जब उजागर हुई तो यह साफ हो गया कि नशे का यह जाल कितना गहरा है। इसमें पंजाब, उत्तर प्रदेश और कोलकाता के युवा शामिल हैं। इनकी पहचान रोहित वर्मा (23) व सीमा कौर (23) निवासी जालंधर (पंजाब), मुकेश कुमार यादव (24) निवासी बलिया (उत्तर प्रदेश) और सानीजूल उर्फ दादा (33) और नूरवानू खातून (24) निवासी बर्दवान (कोलकाता) के रूप में हुई। जाे उम्र करियर बनाने की हाेती है, उस उम्र में ये लाेग सलाखाें के पीछे पहुंच गए हैं।
देवभूमि में नशे का जहर फैलाने वाले बख्शे नहीं जाएंगे : डीएसपी
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में नशे का जहर फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी हो। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।








