वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रशासनिक गलियारों में चढ़ा पारा, सरकार ने बदल डाले कई अफसर, देखें पूरी जानकारी

हिमाचल प्रदेश की फिजाओं में ठंडक जरूर घुल गई है, लेकिन प्रशासनिक गलियारों में पारा चढ़ा हुआ है। धर्मशाला में बुधवार से शुरू होने जा रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र से ठीक पहले सुक्खू सरकार ने अपनी प्रशासनिक टीम में नई ऊर्जा भरने की कवायद की है। सरकार ने कई अधिकारियों के तबादले करते हुए उन्हें नई चुनौतियों और जनसेवा के नए मौके दिए हैं।

असीम सूद को कांगड़ा के आरटीओ फ्लाइंग स्क्वायड की कमान

प्रशासनिक कसावट की इस कड़ी में एसडीएम कोटली असीम सूद को एक अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब वे कांगड़ा की सड़कों पर व्यवस्था बनाने के लिए आरटीओ फ्लाइंग स्क्वायड की कमान संभालेंगे। इस पद पर वे एचएएस मनीष कुमार सोनी को कार्यभार से मुक्त करेंगे। वहीं, सहायक आयुक्त राजस्व अभिषेक बरवाल को कल्पा की वादियों से निकालकर कोटखाई भेजा गया है, जहां वे बतौर एसडीएम जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे।

भरमौर और चुराह काे मिले एसडीएम

यह आदेश उन अधिकारियों के लिए राहत लेकर आया है जो अपनी नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे। कुनिका अक्कर का इंतजार खत्म हुआ है; सरकार ने उन्हें जनजातीय क्षेत्र केलांग में एसडीएम और डीआरडीए के परियोजना निदेशक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इसी तरह नियुक्ति की बाट जोह रहे राजेश कुमार अब भरमौर की और चेतन चौहान चुराह की कमान बतौर एसडीएम संभालेंगे।

कुर्सियों की अदला-बदली

प्रशासन में एक दिलचस्प बदलाव मंडी जिले में देखने को मिला। चच्योट के एसडीएम बी. सिंह और बालीचौकी के एसडीएम देवीराम की जिम्मेदारियां आपस में बदल दी गई हैं। अब बी. सिंह बालीचौकी और देवीराम चच्योट में अपनी सेवाएं देंगे। इसके अलावा चम्बा सदर के तहसीलदार दीक्षित राणा अब कोटली के एसडीएम होंगे, जबकि परागपुर के तहसीलदार चिराग शर्मा को हमीरपुर डीसी ऑफिस में सहायक आयुक्त के रूप में नई भूमिका मिली है।

5 बीडीओ के भी कार्यक्षेत्र बदले

पंचायती राज और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए 5 बीडीओ (सहायक आयुक्त विकास) स्तर के अधिकारियों के भी कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। आदेशाें के तहत धर्मपुर से प्रवीण कुमार अब कल्पा में सेवाएं देंगे। अंशु चंदेल कांगड़ा के सुरानी से अब खुंडियां जाकर विकास कार्यों की देखरेख करेंगे। शिमला के टूटू से कार्तिकेय शर्मा को जुन्गा भेजा गया है। डॉ. अभिषेक सिंह ठाकुर शिलाई से अब संगहाड़ की जिम्मेदारी संभालेंगे। बबीता धीमान बिलासपुर से अब रामशहर (सोलन) में तहसीलदार व सहायक आयुक्त राजस्व का जिम्मा देखेंगी।

इन अधिकारियाें काे सचिवालय रिपोर्ट करने के निर्देश

सरकार ने कुछ अधिकारियों को कार्मिक विभाग (सचिवालय) में रिपोर्ट करने को कहा है। इनमें तहसीलदार विपिन कुमार (संधोल), अमनदीप सिंह (इंदौरा) और पूजा अधिकारी (कांगड़ा) शामिल हैं। वहीं, सरकार ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मातृत्व अवकाश पर चल रहीं एसडीएम केलांग आकांक्षा शर्मा और स्टडी लीव पर गए एसडीएम मोहन लाल को अपनी छुट्टियों की अवधि पूरी होने के बाद शिमला सचिवालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!