वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल में ‘चिट्टे’ का खौफनाक मंजर, रोहड़ू और सुंदरनगर में नशे की ओवरडोज से 2 युवकों की मौत

हिमाचल प्रदेश में पुलिस की सख्त किलेबंदी और नशा विरोधी अभियानों के बावजूद चिट्टे (हैरोइन) का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। नशा तस्करों की सक्रियता के चलते प्रदेश के युवा इसकी गर्त में फंसकर अपनी जान गंवा रहे हैं। ताजा मामलों में रोहड़ू और सुंदरनगर क्षेत्र में नशे की ओवरडोज के कारण दो युवकों की मौत हो गई है, जिसने एक बार फिर पुलिसिया तंत्र और सामाजिक सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रोहड़ू में 19 वर्षीय युवक की माैत

पहले मामले में शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में नशे की आसान पहुंच ने एक 19 वर्षीय युवक की जान ले ली। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सब तहसील जांगला के मंघारा गांव निवासी मोहित (पुत्र टंकू राम) नशे (चिट्टे) का आदी था। शुक्रवार को उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल रोहड़ू लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण चिट्टे की ओवरडोज बताया जा रहा है। डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

शराब के बाद लगाया चिट्टे का इंजैक्शन, गई जान

मंडी जिले के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में भी नशे का खौफनाक चेहरा सामने आया है। यहां गांव डोडल , डाकघर मैरामसीत  के 34 वर्षीय संजय कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि संजय 27 नवम्बर को गांव रडा अपने दोस्त शशिकांत के घर  गया था। पूछताछ में दोस्त शशिकांत ने पुलिस को बताया कि दोनों ने पहले शराब पी और उसके बाद चिट्टे का घोल बनाकर इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लेने के बाद संजय सो गया और अगले दिन दोपहर तक नहीं उठा। जब पंचायत प्रधान शेर सिंह और वार्ड सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

समय पर सूचना मिलती तो बच सकती थी संजय की जान 

मृतक के जीजा सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि शशिकांत ने संजय की हालत बिगड़ने पर न तो परिवार को बताया और न ही उसे अस्पताल पहुंचाया। अगर समय पर सूचना मिलती तो संजय की जान बच सकती थी। दोनों ही मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। सुंदरनगर के डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण नशे की ओवरडोज माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी दोस्त शशिकांत के खिलाफ लापरवाही और नशे से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील

पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की है और जनता से आग्रह किया है कि वे अपने आसपास हो रही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नशा तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे दुखद हादसों को रोका जा सके।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!