हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान आईजीएमसी में हुई एक घटना ने डॉक्टर-मरीज के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। जानकारी के अनुसार कुपवी निवासी अर्जुन पंवार नाम का एक व्यक्ति यहां इलाज करवाने पहुंचा था। इसी दाैरान किसी बात काे लेकर अस्पताल स्टाफ और उसके बीच मारपीट हाे गई। मारपीट का यह वीडियाे साेशल मीडिया पर वायरल हाे गया है।
हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि किस बात काे लेकर यह सारा बवाल हुआ है, लेकिन पीड़ित व्यक्ति का कहना है कि डाॅक्टर ने अभद्र तरीके से बात की थी, जिस पर उसने आपत्ति जताई ताे डाॅक्टर उसके साथ मारपीट की। वायरल वीडियाें में देखा जा सकता है कि डाॅक्टर और मरीज के बीच मारपीट हाेती है और इस दाैरान डाॅक्टर मरीज काे ताबड़ताेड़ 5-6 घूंसे जड़ देता है। ऐसा लग रहा है कि यह काेई अस्पताल नहीं बल्कि काेई बाॅक्सिग रिंग हाे।
उधर, वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही आईजीएमसी प्रशासन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं इस घटना के बाद मरीज और उसके परिजनाें ने राेष व्यक्त करते हुए कहा है कि अगर जान बचाने वाले ही जान के दुश्मन बन जाएं तो एक आम इंसान अपनी फरियाद लेकर कहां जाए? उन्हाेंने अस्पताल प्रशासन से मामले की जांच करने की मांग की है।








