ऊना जिला के बसंत विहार (रक्कड़ कालोनी) में एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई। एक कलयुगी बहू ने अपनी ही सास के साथ न केवल गाली-गलौच किया, बल्कि उसके साथ बुरी तरह मारपीट भी की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं पीड़िता ने साेशल मीडिया पर एक वीडियाे शेयर किया है, जिसमें उसने अपनी बहू पर आराेप लगाते हुए आपबीती बताई है।
पुलिस को दिए बयान में निशा सिंह पत्नी स्वर्गीय कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि वह अपने बड़े बेटे राहुल सिंह और बहू के साथ घर के ग्राऊंड फ्लोर पर रहती है। उसका छोटा बेटा रोहित सिंह उर्फ रोहित कटवाल अपनी पत्नी शगुन शर्मा और 2 बेटियों के साथ मकान की पहली मंजिल पर रहता है। 26 दिसम्बर की शाम निशा सिंह घर में अपने 8 वर्षीय पोते वंश प्रताप के साथ अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान उसकी छोटी बहू शगुन शर्मा अंदरूनी रास्ते से ड्राइंग रूम में दाखिल हुई और बिना किसी उकसावे के सास को गालियां देने लगी।
पीड़िता के अनुसार जब उसने अपनी बहू को समझाने की कोशिश की तो उसने आपा खो दिया। आरोप है कि बहू ने निशा सिंह को थप्पड़ मारे, उसके बाल खींचकर उसे फर्श पर गिरा दिया और उसके साथ मारपीट की। जब पीड़िता ने खुद को बचाने के लिए कमरे की ओर भागने की कोशिश की तो आरोपी बहू ने रास्ता रोककर फिर से उन पर हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया है, जिसमें चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार आराेपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और गहनता से जांच की जा रही है।








