वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल पर 3 जगह हिमस्खलन, बाल-बाल बचे वाहन; पुलिस और बीआरओ ने जारी की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल के समीप तीन अलग-अलग स्थानों पर हिमस्खलन होने की घटना सामने आई है। गनीमत यह रही कि हिमस्खलन के दौरान कोई भी वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय भारी बर्फबारी हो रही थी। जिस वक्त यह हिमस्खलन हुआ, उस दौरान केलंग व मनाली आने और जाने वाले वाहन कुछ देर के लिए फंस गए। इस दौरान वाहन चालकों ने सड़क से बर्फ हटाकर रास्ता बनाया। हालांकि, कुछ देर बाद बीआरओ की टीम भी मौके पर पहुंच गई और सड़क बहाल कर दी। थोड़ी देर रुकने के बाद सभी वाहन सुरक्षित मनाली व केलंग की ओर निकल गए।

सिस्सु थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अटल टनल के पास हिमस्खलन हुआ है, लेकिन इससे किसी भी प्रकार का जानमाल का नुक्सान नहीं हुआ है। सभी गाड़ियां सुरक्षित निकल आई हैं। उन्होंने बताया कि लाहौल घाटी में पिछले तीन दिनों से लगातार हिमपात हो रहा है, जिस कारण हिमस्खलन की आशंका काफी बढ़ गई है। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया है कि केवल आपातकालीन स्थिति में ही सफर करें और मौसम साफ होने तक घरों में ही रहें।

सीमा सड़क संगठन (BRO) के अधिकारी ने मनाली-केलंग मार्ग को लेकर अलर्ट जारी किया है। उन्होंने बताया कि सोलंगनाला से केलंग के बीच कई स्थानों पर हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने सभी राहगीरों और पर्यटकों से अपील की है कि वे इस मार्ग पर बेहद संभलकर और सावधानीपूर्वक सफर करें।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!