हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शनिवार का दिन दो परिवारों के लिए काल बनकर आया। देहरा उपमंडल में राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो हंसते-खेलते नौजवानों की जान ले ली। यहां एक तेज रफ्तार बाइक और एचआरटीसी बस के बीच हुई जोरदार टक्कर में 22 और 23 वर्षीय 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों मृतक एक ही गांव के निवासी थे। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
यह हादसा देहरा के पास निर्माणाधीन केंद्रीय विश्वविद्यालय के समीप घटित हुआ। मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक पल्सर बाइक पर सवार होकर देहरा की तरफ आ रहे थे। तभी सामने से आ रही एचआरटीसी की बस (होशियारपुर से धर्मशाला जा रही) से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्थानीय लोगों ने तुरंत युवकों को संभालने की कोशिश की, लेकिन एक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। दूसरे युवक को गंभीर हालत में तुरंत सिविल अस्पताल देहरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका।
मृतक युवकों की पहचान देहरा क्षेत्र के कनोल गांव के निवासियों के रूप में हुई है। उनकी उम्र 22 और 23 वर्ष के करीब बताई जा रही है। जैसे ही गांव में दो जवान बेटों की मौत की खबर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, एचआरटीसी बस के चालक राकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह एक स्कूल बस को धीरे-धीरे ओवरटेक कर रहा था। उसी दौरान सामने से एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बस के सामने आ गई। चालक के अनुसार बाइक की गति इतनी तेज थी कि ब्रेक लगाने के बाद भी टक्कर को टाला नहीं जा सका।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू करवाया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। देहरा क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय बन गए हैं। बीते 15 दिनों के भीतर यह इस इलाके में तीसरा बड़ा हादसा है, जिसमें कई जानें जा चुकी हैं।







