वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: पत्नी-बेटी को मायके छोड़ा… घर लौटते वक्त 200 मीटर गहरी खाई में समाई कार, युवक की गई जान

हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसके चलते मृतकों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। ताजा मामला मंडी जिले से सामने आया है। यहां एक अनियंत्रित जिम्नी कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे वाहन चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा मंडी जिले के गोहर उपमंडल के तहत चैलचौक-जहल मार्ग पर तूना मोड़ के पास पेश आया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक अपनी पत्नी और बेटी को मंडी स्थित उनके मायके छोड़कर वापस अपने घर लौट रहा था। तभी तूना मोड़ के पास अचानक वाहन से उसका नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधी करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त युवक कार में अकेला ही सवार था।

कार के खाई में गिरने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और अपने स्तर पर राहत कार्य शुरू किया। इसके साथ ही घटना की सूचना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद व कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को गहरी खाई से बाहर निकाला गया। हादसे का शिकार हुए मृतक युवक की पहचान 35 वर्षीय दीपक कुमार पुत्र डिका सिंह, निवासी गांव स्यास (धंग्यारा क्षेत्र) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम छा गया है।

मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की आगामी जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार हादसे का कारण वाहन पर से नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!