हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको दहला दिया। बंगाणा उपमंडल के तहत हरियाली क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 10 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल एक श्रद्धालु को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के नारायणगढ़ से श्रद्धालुओं का एक जत्था ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर धार्मिक यात्रा पर हिमाचल आया था। यह जत्था ऊना स्थित पीर निगाह मंदिर में माथा टेकने के बाद बाबा बालक नाथ (दियोटसिद्ध) और शाहतलाई की ओर जा रहा था। इसी बीच बंगाणा के समीप हरियाली में अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली से चालक का नियंत्रण खो गया और वाहन सड़क पर पलट गया।
हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। ट्रॉली पलटते ही कई लोग उसके नीचे दब गए। घटनास्थल से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में ओवरलोडिंग और यातायात सुरक्षा के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







