वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Accident News: कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर ट्रक से टकराई बाइक….उड़े परखच्चे, ITI के 2 प्रशिक्षु छात्रों की गई जान

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में तेज रफ्तार ने 2 हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दी हैं। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर हुए एक खौफनाक सड़क हादसे में आईटीआई के दो प्रशिक्षु छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनका तीसरा साथी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

जानकारी के मुताबिक यह भीषण दुर्घटना नागचला और डडौर के बीच हुई। तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर मंडी से सुंदरनगर आईटीआई जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक नागचला के समीप पहुंची तो अचानक बेकाबू हो गई। चालक बाइक को संभाल नहीं पाया और वह सीधे आगे चल रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

इस भीषण टक्कर में 21 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र बीरबल सिंह, निवासी गांव पपलेड़ा, डाकघर मराथु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बुरी तरह घायल 24 वर्षीय राजीव कुमार पुत्र धर्म सिंह, निवासी गांव व डाकघर मराथु, तहसील सदर, जिला मंडी को आनन-फानन में नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी सांसें टूट गईं। बाइक पर सवार तीसरा युवक मनोज कुमार निवासी खेड़ा, डाकघर कालका, जिला पंचकूला (हरियाणा) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और अस्पताल में उसका सघन इलाज जारी है।

मराथु और उसके आसपास के इलाके के रहने वाले इन दोनों युवाओं की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिन परिवारों को अपने बच्चों से बुढ़ापे के सहारे की उम्मीद थी, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही क्षेत्र के दो होनहार युवाओं की एक साथ अर्थी उठने की बात से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने चेतावनी दी है कि तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब और अधिक सख्त रुख अपनाया जाएगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!