नियति का खेल कितना क्रूर और अप्रत्याशित हो सकता है, इसका दिल दहला देने वाला मामला हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से सामने आया है। जिस 30 वर्षीय युवक की 6 महीने बाद शादी होने वाली थी और परिवार उसके सेहरे की तैयारियां कर रहा था, उसी युवक की अर्थी उठने से पूरे इलाके में मातम पसर गया है। एक भाई, जिसने कुछ घंटे पहले ही अपनी बहन की डोली विदा की थी, रिश्तेदारों को छोड़कर घर लौटते समय एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया।
यह हृदयविदारक घटना जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल की है। बढ़ाल के रहने वाले घनश्याम के घर में सोमवार रात खुशियों का माहौल था। तलवाड़ा स्थित एक मैरिज हॉल में उनकी बेटी की शादी पूरे धूमधाम से संपन्न हुई। घनश्याम का 30 वर्षीय बेटा दिनेश शर्मा अपनी बहन की शादी की हर जिम्मेदारी को पूरी शिद्दत से निभा रहा था। मंगलवार सुबह परिवार ने नम आंखों से बेटी को विदा किया। बहन की विदाई के बाद, जिम्मेदार भाई दिनेश कुछ रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए वापस तलवाड़ा गया। वहां से अपनी कार से घर लौटते समय, सुबह करीब 5 बजे बढ़ाल गांव के जंगल के पास उसकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। गाड़ी सीधे सड़क किनारे पहाड़ी से जा टकराई।
पहाड़ी से टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क के बीचोंबीच पलट कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दिनेश छिटक कर सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल अवस्था में काफी देर तक वहीं पड़ा रहा। सुबह के वक्त जब कुछ राहगीर वहां से गुजरे, तो उन्होंने पलटी हुई गाड़ी और लहूलुहान युवक को देखा। राहगीरों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए एक अन्य वाहन की मदद से दिनेश को तलवाड़ा के BBMB अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दिनेश को मृत घोषित कर दिया।
जैसे ही यह मनहूस खबर घनश्याम के घर पहुंची, बेटी की शादी की सारी खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। जिस आंगन में कुछ घंटे पहले मंगलगीत गाए जा रहे थे, वहां चीख-पुकार और रुदन शुरू हो गया। परिवार पर यह दोहरा सदमा है। लोग इस बात को लेकर सबसे ज्यादा गमगीन हैं कि दिनेश की खुद की शादी महज 6 महीने बाद होने वाली थी, लेकिन नियति ने परिवार को वे खुशियां देखने का मौका ही नहीं दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अस्पताल प्रशासन द्वारा सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अब इस दर्दनाक हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल, पूरे गांव बढ़ाल में शोक की लहर है और हर कोई इस बदकिस्मत परिवार को ढांढस बंधाने का प्रयास कर रहा है।








